सिंधी विकास बोर्ड के गठन की मांग, भारतीय सिंधू सभा समाज 14 अगस्त को मनाएगी विभीषिका दिवस


- वर्ष 1947 में इस दिन झेली थी विभाजन की त्रासदी
- हिंसा के बीच लाखों लोगों को छोड़ना पड़ा घर-बार

न्यूज़ स्ट्रोक
आगरा, 02 अगस्त। भारतीय सिंधू सभा 14 अगस्त को विभीषिका दिवस मनाएगी। इस दिन देश के विभाजन का दंश झेला था। लाखों परिवारों को मारकाट के बीच पाकिस्तान में अपना घर-बार छोड़कर जान बचाने के लिए भागकर यहां आना पड़ा था। उस त्रासदी को याद करके आज भी लोगों की आंखें नम हो जाती हैं।
सिंधू सभा की राष्ट्रीय कार्यकारिणी बैठक इन्दौर हुई, जिसमें 14 अगस्त, 1947 की त्रासदी को याद किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए राष्ट्रीय अध्यक्ष लद्धाराम  नागवानी ने कहा कि संपूर्ण देश में 14 अगस्त को  विभीषिका दिवस मनाया जाए क्योंकि इसी दिन वर्ष 1947 में तत्कालीन नेतृत्व ने अखंड भारत के टुकड़े कर दिए थे। हमारी मातृभूमि को हमें छोड़ना पड़ा था। विभाजन की त्रासदी झेली थी।




उत्तर प्रदेश महामंत्री चंद्र प्रकाश सोनी ने कहा कि पूरे उत्तर प्रदेश में यह कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा।
कार्यक्रम में राष्ट्रीय उपाध्यक्ष गागन दास रामानी ने अपने संबोधन में कहा कि देश में जहां-जहां सिंधी अकादमी हैं, उन पर साहित्यकारों की अनदेखी कर सरकारी पार्टी के कार्यकर्ताओं की नियुक्ति की जाती है, जिससे अकादमी के उद्देश्यों की पूर्ति नहीं हो पाती और हमारी संस्कृति, साहित्य और भाषा का समुचित विकास नहीं हो पाता। हमें इस ओर ध्यान देने की आवश्यकता है।
रामानी ने कहा कि हम अपना सिंध प्रांत देश की आजादी के लिए न्यौछावर कर चुके हैं। भारत में  सिंधी भाषी नागरिकों को छोड़कर सभी भाषा के देशवासियों के पास अपनी संस्कृति को जीवित रखने के लिए अपना-अपना प्रांत है। अत: जब तक भारत फिर से अखंड भारत बने, सिंधी विकास बोर्ड का गठन होना चाहिए। 
कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश के संरक्षक घनश्याम दास देवनानी, प्रदेश महामंत्री चंद्र प्रकाश सोनी, राष्ट्रीय उपाध्यक्ष गागन दास रमानी, प्रदेश मंत्रीगण अशोक पारवानी, नानक चंद वासवानी, रामचंद्र खत्री व सुनील पंजवानी ने भाग लिया।
ये जानकारी मीडिया प्रभारी मेघराज दियालानी ने दी। उनके अनुसार सिंधु सभा आगरा में भी 14 अगस्त  विभीषिका दिवस मनाएगी। बैठक में जगदीश डोडानी, नरेश देवनानी, अध्यक्ष अमृत मखीजा, महामंत्री राजकुमार गुरनानी, किशोर बुधरानी, मेघराज दियालानी, रोहित आयलानी, हरेश पंजवानी आदि मौजूद रहे।

Post a Comment

0 Comments