आगरा के ध्रुव जूरैल की भारतीय टेस्ट क्रिकेट टीम में सरप्राइज एंट्री, इंग्लैंड दौरे के लिए टीम में चयन, पढ़िए ध्रुव के सफर की अद्भुत और संघर्षमय कहानी



न्यूज़ स्ट्रोक
आगरा, 12 जनवरी।  इंग्लैंड के खिलाफ होने वाली टेस्ट श्रृंखला के शुरुआती दो मैचों के लिए चयनकर्ताओं ने भारतीय टीम की शुक्रवार को घोषणा कर दी। इस टीम ने आगरा के क्रिकेट जगत को गर्व करने और झूमने का मौका दिया है। भारतीय टीम में आगरा के  विकेटकीपर बल्लेबाज ध्रुव जूरैल (Dhruv Jurel) को मौका दिया गया है। रोहित शर्मा 16 सदस्यीय टीम का नेतृत्व करेंगे जबकि जसप्रीत बुमराह उपकप्तान होंगे।
भारतीय टीम तीन विकेटकीपर के साथ सीरीज के पहले दो मैच में उतरेगी। केएल राहुल के साथ केएस भरत और ध्रुव जुरेल टीम का हिस्सा हैं। यूपी के जूरैल को पहली बार टीम में शामिल किए गए हैं। ऐसा काफी कम देखा गया है कि तीन विकेटकीपर को टीम में शामिल किया गया है। इशान किशन और ऋषभ पंत जैसे विकेटकीपर बल्लेबाजों की अनुपलब्धता और घरेलू क्रिकेट में रेड बॉल से दमदार प्रदर्शन ने ध्रुव को टेस्ट स्क्वाड में जगह दिलाई है।
केएल राहुल के रहते ध्रुव जूरैल को इस बार प्लेईंग 11  में मौका मिलने की संभावना तो ना के बराबर है लेकिन टेस्ट टीम में शामिल होना एक बड़ी उपलब्धि है। यह बात जाहिर करती है कि राष्ट्रीय चयन समिति ध्रुव जूरैल में भारतीय विकेटकीपर के रूप में बड़ी संभावनाएं देख रही है। ध्रुव जूरैल आगरा के ऐसे पहले खिलाड़ी है जो इस स्तर पर पहुंचे हैं। हालांकि हेमलता काला प्रीति ढिमरी, पूनम यादव और दीप्ति शर्मा जैसी महिला खिलाड़ी आगरा से राष्ट्रीय टीम से टेस्ट मैच खेल चुकी हैं लेकिन पुरुष खिलाड़ियों में ध्रुव जुरेल पहले शख्स हैं। पहला टेस्ट 25 जनवरी से हैदराबाद में और दूसरा मैच दो फरवरी से विशाखापत्तनम में खेला जाएगा।


ध्रुव का करियर और जीवन का सफर
22  साल के ध्रुव का जन्म 21 जनवरी 2001 को यूपी के आगरा में हुआ था। वह 2020 अंडर-19 वर्ल्ड कप खेलने वाली टीम इंडिया के उपकप्तान रहे हैं। तब टीम इंडिया फाइनल में बांग्लादेश से डकवर्थ लुईस मैथड से 3 विकेट से हार गई थी। विकेटकीपर बल्लेबाज ध्रुव मिडिल ऑर्डर में आकर बैट‍िंग करते हैं, उनके पास शॉट्स की काफी रेंज हैं। वह घरेलू क्रिकेट में उत्तर प्रदेश के लिए खेलते हैं, अंडर-19 टीम में यशस्वी जायसवाल, त‍िलक वर्मा, रव‍ि बिश्नोई, प्र‍ियम गर्ग उनके साथ ही थे। वहीं यूपी टीम में उनकी र‍िंंकू स‍िंंह से काफी करीबी है। आगरा में स्प्रिंगडेल क्रिकेट अकादमी सदर बाजार के प्रशिक्षु क्रिकेट रहे हैं। कोच परवेंद्र यादव ने ध्रुव जुरेल के क्रिकेट करियर की बुनियाद को मजबूत करने में अहम भूमिका निभाई है। परवेंद्र यादव कहते हैं कि उन्हें शुरू से ही उम्मीद थी कि ध्रुव काफी आगे जाएगा। ध्रुव का टेस्ट टीम में नाम आने पर उन्हें गर्व हुआ लेकिन आश्चर्य नहीं। 
ध्रुव के फ़ौजी पिता चाहते थे कि वे नेशनल डिफेंस एकेडमी जॉइन करके फौजी बनें और देश की सेवा करें लेकिन ध्रुव ने क्रिकेट को चुना। ध्रुव के इस फैसले से उनके घर पर किसी को भी आपत्ति नहीं थी। नेम सिंह का कहना है कि यह अलग क्षेत्र है। इसमें रहकर भी देश की सेवा की जा सकती है।
जिद और जूनून
बेहद कम उम्र में ही उन्होंने तय कर लिया था कि उन्हें क्रिकेटर बनना है और इसके लिए उनकी जिद और जुनून ने ही आज उन्हें इस मुकाम तक पहुंचाया है।
जूरैल ने जब राजस्थान रॉयल्स के लिए आईपीएल 2023 में बैक टू बैक धमाकेदार पारियां खेली तो उसके बाद एक इंटरव्यू में उन्होंने अपने क्रिकेट के लिए पागलपन से जुड़े कई किस्से सुनाए थे. इस किस्से में एक इमोशनल कहानी भी थी. ईएसपीएन क्रिकइंफो से बातचीत करते हुए उन्होंने बताया था कि उनकी मां ने अपनी सोने की चेन बेचकर उन्हें क्रिकेट किट बैग दिलाया था.
क्रिकेट किट की जिद और मां का त्याग
जुरेल ने बताया था, 'मैं 14 साल का था तो मैंने अपने पिता से कश्मीरी विलो बैट खरीदने के लिए कहा. तब यह 1500 से 2000 का था. उस वक्त यह बड़ी कीमत होती थी लेकिन मेरे पिता ने मुझे यह खरीदकर दिया लेकिन जब पूरे किट बैग की बात थी तो फिर यह बहुत ज्यादा महंगा था। मैंने खुद को बाथरूम में लॉक कर लिया और उन्हें धमकी दे दी कि अगर मेरे लिए क्रिकेट किट नहीं लाए तो मैं भाग जाऊंगा। इस बात ने मेरी मां को भावुक कर दिया. उन्होंने मेरे पिता को अपनी सोने की चेन दी और कहा कि इसे बेचकर किट ले आओ। ऐसा हुआ तो मैं बहुत खुश था लेकिन जब मैं चीजों को समझने लगा तब मुझे अहसास हुआ कि यह कितना बड़ा त्याग था। मां के त्याग की कहानी यहीं खत्म नहीं होती है। जब जुरेल क्रिकेट में भविष्य बनाने के लिए आगरा से नोएडा आना-जाना करने लगे और उनके ट्रेवल में ज्यादा वक्त जाया होने लगा तो उनकी मां ने उन्हें नोएडा शिफ्ट होने की सलाह दी। अपने बेटे के लिए वह भी कुछ समय तक नोएडा में ही रहीं।
ध्रुव ने फर्स्ट क्लास मैचों की 19 पारियों में 790 रन बनाए हैं. इस दौरान एक शतक और 5 अर्धशतक लगाए हैं। वे लिस्ट ए के 10 मैच खेल चुके हैं। इसमें 2 अर्धशतक लगाए हैं।
आईपीएल करियर
IPL 2022 के लिए हुए मेगा ऑक्शन में राजस्थान ने उन्हें 20 लाख रुपए की बेस प्राइस में अपनी स्क्वाड का हिस्सा बनाया था। 2023 में अपना आईपीएल डेब्यू किया। वह एमएस धोनी और एबी डिविलियर्स को अपना आदर्श मानते हैं।
ध्रुव के चयन पर जिला क्रिकेट एसोसिएशन आगरा के पदाधिकारी और शहर के दिग्गज क्रिकेटरों ने बधाई दी है। सभी ने इसे आगरा के लिए एक गर्व करने वाली बात कहा।

इंग्लैंड के खिलाफ पहले दो टेस्ट के लिए भारतीय टेस्ट टीम इस प्रकार हैं: रोहित शर्मा (कप्तान), शुभमन गिल, यशस्वी जायसवाल, विराट कोहली, श्रेयस अय्यर, केएल राहुल (विकेटकीपर), केएस भरत (विकेटकीपर), ध्रुव जुरेल (विकेटकीपर), रविचंद्रन अश्विन, रवींद्र जडेजा, अक्षर पटेल, कुलदीप यादव, मोहम्मद सिराज, मुकेश कुमार, जसप्रीत बुमराह (उपकप्तान) और अवेश खान।  

Post a Comment

0 Comments