आगरा समेत 11 जिलों की
58 सीटों पर वोट डाले गए
- 58 सीटों पर 623 उम्मीदवारों ने की जोर आजमाइश
| डॉ. जी एस धर्मेश आगरा कैंट विधानसभा के टैगोर बाल निकेतन बूथ केंद्र पर वोट डालने के बाद अपनी उंगली पर लगा निशान दिखाते हुए। |
मुकेश उपाध्याय, न्यूज़ स्ट्रोक
लखनऊ/आगरा, 10 फरवरी । उत्तर प्रदेश में 403 सदस्यीय विधानसभा चुनाव के पहले चरण का मतदान आज पूरा हो गया। आज पश्चिमी उत्तर प्रदेश के 11 जिलों गौतमबुद्धनगर, गाजियाबाद, मुजफ्फरनगर, मथुरा, अलीगढ़, मेरठ, शामली, बागपत, हापुड़, बुलंदशहर और आगरा की 58 सीटों पर मतदान हुआ। आज योगी आदित्यनाथ सरकार में नौ मंत्रियों समेत कई बड़े नामी चेहरों के चुनावी भाग्य का फैसला मतदाताओं ने कर दिया।
पहले चरण में कुल 623 उम्मीदवार मैदान में थे। सभी सीटों पर सुबह 7 बजे से मतदान शुरू होकर शाम 6 बजे खत्म हुआ।
इनमें आगरा कैंट से समाज कल्याण राज्य मंत्री जीएस धर्मेश, शामली के थानाभवन सीट से चीनी उद्योग एवं गन्ना मंत्री सुरेश राणा, मथुरा की छाता सीट से पशुधन मंत्री लक्ष्मी नारायण चौधरी, मथुरा सीट से ऊर्जा मंत्री श्रीकांत शर्मा, मुजफ्फरनगर सदर सीट से व्यावसायिक शिक्षा एवं कौशल विकास राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) कपिल देव अग्रवाल, गाजियाबाद से स्वास्थ्य राज्यमंत्री अतुल गर्ग, अतरौली सीट से वित्त एवं चिकित्सा शिक्षा राज्य मंत्री संदीप सिंह प्रमुख हैं।
बुलंदशहर की शिकारपुर सीट से वन राज्य मंत्री अनिल शर्मा और मेरठ की हस्तिनापुर सीट से जलशक्ति व बाढ़ नियंत्रण राज्य मंत्री दिनेश खटीक भी मैदान में है। भाजपा से छावनी क्षेत्र के प्रत्याशी डॉ. जी एस धर्मेश ने टैगोर बाल निकेतन बूथ केंद्र पर अपने मताधिकार का प्रयोग किया।कैबिनेट मंत्री लक्ष्मीनारायण ने सांचोली में मतदान किया।ऊर्जा मंत्री श्रीकांत शर्मा ने गोवर्धन विधानसभा क्षेत्र के गांव गांठोली में मतदान किया।
| वोट डालने के बाद मीडिया से मुखातिब ऊर्जा मंत्री श्रीकांत शर्मा। |
| कैबिनेट मंत्री लक्ष्मीनारायण वोट डालने के बाद अपने समर्थकों के साथ। |
इसके अलावा आगरा में आगरा ग्रामीण सीट से उत्तराखंड की पूर्व राज्यपाल बेबी रानी मौर्य का भाग्य ईवीएम में कैद हो गया।
58 सीटों में से 12 सीटें संवेदनशील थीं। ये सीटें खेरागढ़, फतेहाबाद, आगरा दक्षिण, बाह, छाता, मथुरा, सरधना, मेरठ शहर, छपरौली, बड़ौत, बागपत और कैराना थीं। 898 मोहल्ले और 5535 पोलिंग सेंटर संवेदनशील रखे गए थे। विशेष सतर्कता बरती गई।

0 Comments