✌हिमांशु तिवारी रहे बेस्ट प्लेयर ऑफ द लीग तथा राघवेंद्र को प्रोमिसिंग प्लेअर ऑफ द लीग।
न्यूज़ स्ट्रोक
आगरा, 17 अप्रैल। एकलव्य स्पोर्ट स्टेडियम, आगरा के बैडमिंटन हॉल में आयोजित एंब्रोस आगरा बैडमिंटन प्रीमियर लीग, सीजन-9 का खिताब टीम टीसा ने जीत लिया है। सैक वॉरियर्स की टीम उपविजेता रही। जीवीआर टाईगर्स ने विल्सबर्ड चैलेंजर्स की टीम को हराकर तीसरा स्थान हासिल किया।
फाइनल मुकाबलों की शुरुआत मुख्य अतिथि प्रयागराज हाईकोर्ट के जज एआर मसूदी ने सभी खिलाडिय़ों से परिचय प्राप्त कर और विशिष्ट अतिथि उत्तर प्रदेश बैडमिंटन एसोसिएशन के सचिव अरुण कक्कड़ ने मां सरस्वती की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर एवं दीप प्रज्ज्वलित कर कराई।
फाइनल में टीम टीसा और सैक वॉरियर्स के बीच पहला मुकाबला 70+ डबल्स में खेला गया। इसमें सैक वॉरियर्स के जितेंद्र व निखिल की जोड़ी ने टीसा के पवन व राहुल की जोड़ी को 3-0 से हराकर अच्छी शुरुआत की। हालंाकि दूसरे मैच में पलटवार करते हुए टीसा के रविंद्र व हिमांशु की जोड़ी ने सैक वॉरियर्स के अनुज व आशीष की जोड़ी को 3-0 से हरा कर स्कोर 3-3 से बराबर कर दिया। तीसरे मैच मिक्सड डबल्स में टीसा के रमा व हिमांशु की जोड़ी ने बड़ा उलटफेर करते हुए सैक वॉरियर्स के राधा व दक्ष की जोड़ी को 2-1 से हराकर अपनी टीम को 5-4 से बढ़त दिला दी। अब सारा रोमांच अगले मैच पर था। चौथे मैच 60+ डबल्स में बहुत बड़ा उलटफेर करते हुए टीसा के रविंद्र व मोक्ष की जोड़ी ने सैक वॉरियर्स के प्रनव व विवेक की जोड़ी को 3-0 से हराकर अपनी टीम को चैंपियन बना दिया।
फाइनल मैच के लिए मैन ऑफ द मैच और बेस्ट प्लेयर ऑफ द लीग का अवार्ड हिमांशु तिवारी को दिया गया। राघवेंद्र को प्रोमिसिंग प्लेअर ऑफ द लीग चुना गया। अरुण कक्कड़ को उनके बैडमिंटन से जुड़े अनेक उपलब्धियों के लिए लाइफ टाइम अचीवमेंट अवॉर्ड दिया गया। समापन के अवसर पर टीम और खिलाडिय़ों में एक लाख से भी ज्यादा के नकद प्रदान किए गए। विजेता को 50 हजार, उपविजेता को 30 हजार और तीसरे स्थान की टीम को 20 हजार रुपये की इनामी राशि दी गई। बेस्ट प्लेयर ऑफ द लीग को 6000 और प्रोमिसिंग प्लेअर ऑफ द लीग को 3000 रुपये दिए गए।
इस अवसर पर महेश नौटियाल ( जज, पीलीभीत), संदीप शर्मा, अभय गुप्ता, निखिल वाजपेई, लोकेंद्र चाहर, आगरा बैडमिंटन संघ के सचिव राहुल पालीवाल, अध्यक्ष विनोद सीतलानी, कोषाध्यक्ष आसिफ अली, अभिषेक चौहान, एच एस तरकर, संजय कालरा, सुरेश सीतलानी, दीपक माहेश्वरी, निश्चल जैन, मयंक शर्मा, हरिकांत शर्मा, यश मेहता, संतोष तिवारी, नंदी रावत, मानसिंह पटवाल, नीरज गौतम इत्यादि उपस्थित रहे।

0 Comments