- शनि देव मंदिर के सामने बना ली गई है अवैध मार्केट
- ध्वस्तीकरण आदेश के बाद भी नहीं हो रही कार्रवाई
- एडीए के अधिकारियों की कार्यप्रणाली पर उठ सवाल
- क्षेत्रीय लोग चक्कर लगाते-लगाते हो गए हैं परेशान
न्यूज़ स्ट्रोक
आगरा, 09 जुलाई। सूबे की योगी सरकार के निर्देशन में बुलडोजर ने आगरा जनपद में भी कई बाहुबलियों के अवैध निर्माण को ध्वस्त कर दिया है, लेकिन शहर के मारुति एस्टेट में शनिदेव मंदिर के सामने बनी अवैध मार्केट शासन प्रशासन के एंटी माफिया अभियान को चिढ़ा रही है। ध्वस्तीकरण आदेश के बाद भी एडीए कार्रवाई नहीं कर रहा है। क्षेत्रीय लोग चक्कर लगाते-लगाते थक गए हैं। उन्होंने एडीए के अधिकारियों की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाना शुरू कर दिया है।
मारुति एस्टेट, अवधपुरी रोड में शनिदेव मंदिर है। यहां लोगों की बड़ी आस्था है। इस मंदिर के समाने आधा दर्जन से अधिक दुकानों वाली एक अवैध मार्केट बनकर तैयार हो चुकी है। इस अवैध निर्माण को ध्वस्त करने के आदेश एडीए ने बीते जून माह में किये थे। इससे पहले सीलिंग के आदेश भी हुए थे। जब निर्माण हो रहा था तब पुलिस को अवैध निर्माण रोकना था, लेकिन ऐसा नहीं हुआ। निर्माण होता रहा जिससे मार्केट बनकर तैयार हो गई। कॉलोनी के लोग लगातार एडीए पहुंच रहे हैं। पूर्व वीसी डॉ. राजेंद्र पैंसिया से आधा दर्जन से अधिक बार लोगों ने मुलाकात की। नवागत वीसी अजय द्विवेदी से भी लोगों ने मुलाकात की है। उनसे भी अवैध निर्माण पर कार्रवाई करने की मांग की है। क्षेत्रीय लोगों का कहना है कि शाहगंज वार्ड के अवर अभियन्ता द्वारा स्थल निरीक्षण किया गया था। उन्होंने अपनी रिपोर्ट में कहा था कि विक्रम चाहर एवं सुरेन्द्र खिखार द्वारा शनिदेव मन्दिर के समीप कॉलम खड़े कर निर्माण कार्य किया गया है। मौके पर उनके द्वारा निर्माण की कोई स्वीकृति नहीं दिखाई गई। इसलिए प्राधिकरण द्वारा उत्तर प्रदेश नगर योजना एवं विकास अधिनियम 1973 की धारा-27 के अन्तर्गत कारण बताओ नोटिस दिये गए।
साथ ही थाना जगदीशपुरा के प्रभारी निरीक्षक को उक्त स्थल पर जारी निर्माण कार्य को रुकवाने के लिए पत्र भेजा। इसके बाद एडीए ने अवैध निर्माण को ध्वस्त करने के आदेश दिये। कहा कि यदि विपक्षी द्वारा निर्माण को 30 दिवस के अन्दर स्वयं नहीं हटाया जाता है तो प्राधिकरण द्वारा विपक्षी के हर्जे-खर्चे पर निर्माण को ध्वस्त कर दिया जायेगा। सवाल उठता है आखिर एडीए ध्वस्तीकरण आदेश के बाद भी कार्रवाई नहीं कर रहा है?


0 Comments