मुझे भी सम्मानित जीवन जीने का हक है



👉किन्नर समाज के लोगों ने बयां किया अपना दर्द और बताई अपने संघर्ष और  सफलता की कहानी

न्यूज़ स्ट्रोक
आगरा, 12 जुलाई । डॉ. एमपीएस वर्ल्ड स्कूल और महिला शांति सेना एवं डॉ. एमपीएस वर्ल्ड स्कूल के संयुक्त तत्वावधान में एलजीबीटीक्यू समुदाय से वाद संवाद का आयोजन किया गया, जिसका विषय  था 'मुझे भी सम्मानित जीवन जीने का हक़ है।
समाज में ट्रांसजेंडर को देखने का नज़रिया बदलने की यह मुहिम महिला शांति सेना ने शुरू की, जिससे ट्रांसजेंडर को समाज जिस तरह देखता है वह नज़रिया अब बदले। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में डॉ. देविका देवेंद्र मंगलमुखी, डॉ. एमपीएस स्कूल के चेयरपर्सन स्क्वॉड्रन लीडर एके सिंह, प्रीति किन्नर, ख़ुशबू किन्नर, राधिका किन्नर एवं मानवीर यादव ट्रांसमैन ने दीप प्रज्ज्वलन करके कार्यक्रम की शुरुआत की।
इस दौरान उन्नति ने नृत्य प्रस्तुत किया। साथ ही वन्दे मातरम की प्रस्तुति दी। वहीं अर्श ने कुछ पंक्तियों से अपनी बात रखी 'कुछ फूल है जो रेगिस्तान में खिलते है और मुरझा जाते है और कोई उनकी सराहना नहीं करता लेकिन अब ऐसा नहीं होगा ....'



महिला शांति सेना की अध्यक्षा वत्सला प्रभाकर ने व्याख्यान देते हुए इस समुदाय से ये वादा किया है कि वो आगरा में नागरिक अभिवंदन करवाएंगी। मंगलामुखी देविका देवेंद्र ने अपनी निजी जिंदगी के अनुभव सभी छात्रों से साझा किए कि किस तरह उन्हें इस समुदाय का होने के कारण तमाम परेशानियों का सामना करना पड़ा एवं घरवालों से तिरस्कृत हुए। इसके बाद भी अकेले आज वो इस मक़ाम पर पहुंचे। उन्होंने बताया कि वो पहली ट्रांसजेंडर है जो 19 देशों की यात्रा कर चुकी हैं । पहली ट्रांसजेंडर कथक डान्सर एवं इंग्लिश में पीएचडी करने के बाद उत्तर प्रदेश ट्रांस जेंडर वेलफेयर बोर्ड की सदस्या बनीं। उन्होंने कहा कि मैं चाहती थी कि लोग मेरे लिए ताली बजाए ना कि मैं किसी के आगे। ऐसा मेरे लिए हो रहा है।
किन्नर प्रीति ने अपनी बात रखते हुए कहा कि हम सब भी आम इंसानो की तरह ही है। हमें हीन भावना से ना देखा जाए। किन्नर ख़ुशबू ने अपनी बात रखते हुए कहा हम सब भगवान की बनाई हुई सरंचनाएं हैं। हमें समाज से अलग करना उचित नहीं है। वहीं राधिका किन्नर ने पढ़ाई को सबसे अहम बताया। वह आगरा की ट्रांसजेंडर वेलफेयर बोर्ड की सदस्य है।
 ट्रांसमैन मानवीर यादव ने बताया कि  तमाम दिक्कतों के बावजूद उनकी मां ने उनका साथ नहीं छोड़ा। इस वजह से वह इस मुकाम पर पहुंचे हैं।
इस अवसर पर महिला शांति सेना कि ओर से शीला बहल, रीता कपूर, रीटा भट्टाचार्य, पेंसी टॉमस, नम्रता मिश्रा, नीतू सिंह, निधि जैन, अर्शी एवं प्रिन्सिपल चार्ल्स क्लैरन्स और राखी भी मौजूद रहे।

Post a Comment

0 Comments