सात दिन में समाधान कराने का भरोसा
न्यूज़ स्ट्रोक
आगरा, 11 जुलाई। ब्लैंक मार्कशीट्स की समस्या का समाधान यहां होता नहीं दिखा तो विद्यार्थियों ने लखनऊ का रुख किया। सोमवार को उन्होंने मुख्यमंत्री के जनता दरबार में अपनी समस्या को रखा। सुनवाई के बाद उन्हें सात दिन में समस्या का समाधान कराने का भरोसा दिया गया है
छात्रों ने बताया कि कोरोना के चलते यूपी बोर्ड ने सत्र 2020-21 में हाईस्कूल की परीक्षाएं नहीं कराई थीं। कक्षा नौ और हाईस्कूल की प्री बोर्ड लिखित परीक्षाओं के आधार पर छात्रों को अंक दिए गए। आगरा के एक ही विद्यालय के 128 विद्यार्थियों को अंक नहीं मिले, उन्हें ब्लैंक मार्कशीट दे दी गईं। अंकों के लिए छात्र-छात्राओं ने शिक्षा विभाग, जिला प्रशासन, सांसद, विधायक और मंत्रियों से गुहार लगाई। मामले को किसी ने गंभीरता से नहीं लिया। बोर्ड से पत्राचार किया गया। विद्यालय से संपर्क किया गया। सब जगह से निराशा हाथ लगी। अंकों के लिए विद्यार्थी लम्बे समय से आंदोलन कर रहे हैं। कोई रास्ता दिखाई न देने पर आखिर में अंकों के लिए विद्यार्थी मुख्यमंत्री आवास पर जनता दरबार में आए हैं।
मुख्यमंत्री दरबार द्वारा विद्यार्थियों को सात दिन में कार्यवाही का आश्वासन दिया गया है। छात्राओं ने मुख्यमंत्री के जनता दरबार में हाईस्कूल की ब्लैंक मार्कशीट पर अंक दिलाए जाने की गुहार लगाई।
माता-पिता भी गए बच्चों के साथ
आगरा। मुख्यमंत्री दरबार में अंकों की गुहार लगाने वाले विद्यार्थियों के साथ आगरा से उनके माता-पिता भी गए थे। लखनऊ पहुंचे विद्यार्थियों में छात्राओं की संख्या अधिक थी। छात्राओं ने बताया कि मुख्यमंत्री बेटियों के लिए मिशन शक्ति जैसी तमाम योजनाएं चला रहे हैं। इसी उम्मीद के साथ वह मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से अंक मांगने लखनऊ तक गईं।
मेरिट से हमेशा के लिए हुए बाहर
आगरा। चाइल्ड राइट्स एक्टिविस्ट नरेश पारस ने भी मुख्यमंत्री दरबार में छात्र-छात्राओं की समस्या को रखा। बताया कि बिना अंकों के इन छात्रों की कभी भी मेरिट नहीं बन पाएगी। यह मेरिट सूची से बाहर हो जाएंगे। महाविद्यालय में दाखिला अथवा सरकारी सेवा में जाने के लिए अंकों के आधार पर मेरिट बनती है। इनकी मार्कशीट्स में अंक न होने से मेरिट नहीं बनेगी।
लखनऊ जाने वाले विद्यार्थियों ये रहे शामिल
आगरा। लखनऊ गए विद्यार्थियों में रंजना, कल्पना, कोमल, खुशी, डौली, प्रियंका, कशिश,चीनी, दिव्या, विवेक, संजय, दिवाकर चंद्र, दीपेश, रोहित, अनिकेत, प्रिंस, अंकित, अभिषेक, गुलशन, मयंक, आदि मौजूद रहे। इसी दौरान अभिभावकों में कमला देवी, जगत कुमार, अनिता देवी, छैल बिहारी, राजकुमार, चंद्रभान, प्रवीण, दिनेश कुमार, विजय सिंह, जगदीश, रघुचंद, बबलू, नरेश पारस, अमर सिंह आदि शामिल रहे।



0 Comments