-दोहरी मानसिकता से मंदिर तोडऩे और अवैध कॉलोनियों का निर्माण करने का आरोप लगाया
-एडीए कार्यालय पर हवन-पूजन के साथ ही हनुमान चालीसा का पाठ किया, दिया ज्ञापन
न्यूज़ स्ट्रोक
आगरा, 15 जुलाई । आगरा विकास प्राधिकरण (एडीए) पर दोहरी मानसिकता के साथ काम करने का आरोप लगाते हुए अखिल भारत हिन्दू महासभा ने एडीए कार्यालय पर शुक्रवार को जोरदार प्रदर्शन किया। साथ ही अधिकारियों की बुद्धि की शुद्धि के लिए हवन किया, हनुमान चालीसा का पाठ किया।
अखिल भारत हिंदू महासभा के राष्ट्रीय प्रवक्ता संजय जाट ने कहा कि एडीए अधिकारियों द्वारा जहां अवैध अतिक्रमण के नाम पर मंदिरों को तोड़ा जा रहा है वहीं दूसरी ओर अवैध कॉलोनियों के निर्माण को शह दी जा रही है। कर्मचारियों की इसमें मिलीभगत है। इसी को लेकर संजय जाट के नेतृत्व में दर्जनों कार्यकर्ताओं ने जयपुर हाऊस स्थित आगरा विकास प्राधिकरण के कार्यालय पर अधिकारियों की बुद्धि के शुद्धिकरण के लिए हनुमान चालीसा का पाठ किया, हवन किया। साथ ही एडीए वीसी के नाम ज्ञापन सौंपकर अवैध निर्माण हो रही कॉलोनियों पर बुलडोजर चलवाने एवं ऐसी बिल्डिंग को सील करवाने की मांग की।
संजय जाट एवं विभागाध्यक्ष जितेन्द्र कुशवाह, कुलवन्त सिंह ने संयुक्त रूप से कहा कि दहतोरा में अवैध निर्माण के नाम पर प्राचीन मंदिर को तोड़ दिया गया। एडीए ने हनुमान जी की मूर्ति जब्त कर ली। सौदर्यीकरण के नाम पर सुल्तानगंज की पुलिया पर स्थित हनुमान मंदिर को तोड़ दिया गया लेकिन बिल्डर्स द्वारा बिना मानचित्र पास किये एडीए की सांठगांठ से अवैध कॉलोनियां बनाई जा रही हैं। ऐसी कॉलोनियों को तोड़ने की मांग की गई।
इस मौके पर कार्यकर्ता मनीष पंडित, विशाल, नितेश कुशवाह, अनिल बाबा, विपिन राठौर, कृष्णा राठौर, कुलवन्त सिंह, प्रिंस कुमार, पवन कुमार, पंकज श्रीवास्तव, अजय पंडित, पंकज ठाकुर, मनीष कुमार आदि मौजूद रहे।



0 Comments