शिकायत करने आने वालों को थाने में अब चाय-नाश्ता कराएंगे थानेदार



- एसएसपी ने कहा कि थाने में आने वाले लोग डरें नहीं
- खर्च का बिल देने पर थाना प्रभारी को मिलेगा रिफंड 


न्यूज़ स्ट्रोक
आगरा, 05 जुलाई । वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक प्रभाकर चौधरी ने कहा है कि थाने में आने वाले लोग डरें नहीं, खुद को सुरक्षित महसूस करें। अब थाने में आकर शिकायत करने वाले लोगों और पीडि़तों को पुलिस पहले चाय और नाश्ता करा रही है। थाना प्रभारी द्वारा खर्च का बिल देने पर उन्हें उसका रिफंड भी दिया जा रहा है।
एसएसपी श्री चौधरी के निर्देशों पर सभी थानों में शिकायत करने वाले और पीडि़तों के आने पर थाना प्रभारी उन्हें बिठा कर पहले चाय-पानी पिला रहे हैं। फिर उनकी समस्या को शालीनता से सुनकर मदद कर रहे हैं। एसएसपी ने जनता और पुलिस के बीच जुड़ाव के लिए यह पहल की है। एसएसपी प्रभाकर चौधरी ने कहा है कि थाने में आने वाले लोग डरें नहीं, बल्कि सुरक्षित महसूस करें। एसएसपी का सख्त निर्देश है कि थाने आने पर लोगों को डर नहीं बल्कि सुरक्षा का अहसास होना चाहिए। किसी की भी पुलिसकर्मी द्वारा अभद्र व्यवहार की शिकायत मिलने पर तत्काल कार्रवाई की जाएगी। 
चाय नाश्ते के लिए विभाग सभी थानों का खर्च उठाएगा। बता दें कि शहर से बाहर दबिश के लिए जाने पर पुलिस की गाड़ी का खर्च और सारी व्यवस्थाएं पीड़ित को ही करना पड़ती थीं। एसएसपी ने सख्त निर्देश दिए हैं कि दबिश की परमिशन लेकर जाने के बाद थाना प्रभारी खर्च का बिल देकर पैसा विभाग से रिफंड करवा सकते हैं। बता दें कि यह सरकारी लिमिट के अनुसार ही होगा।


Post a Comment

0 Comments