पुलिस को तहरीर देने पहुंची 'काली मां'



-काली के विवादित पोस्टर को लेकर सीओ ऑफिस का किया घेराव, फिल्म मेकर पर मुकदमे की मांग


न्यूज़ स्ट्रोक
आगरा, 5 जुलाई । फिल्म मेकर लीना मणिमेकलाई की डॉक्यूमेंट्री फिल्म 'काली के विवादित पोस्टर को लेकर जगह-जगह प्रदर्शन हो रहे हैं। साथ ही इसके खिलाफ तहरीर दी जा रही हैं। आगरा में अखिल भारत हिंदू महासभा का कार्यकर्ता साथियों के साथ देवी काली के वेश में सीओ कार्यालय पहुंचा। उसने फिल्म मेकर के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराने के लिए तहरीर दी।
डॉक्यूमेंट्री फिल्म 'काली' का पोस्टर रिलीज होने के बाद से चर्चा में है। पोस्टर में मां काली के वेश में एक महिला को सिगरेट पीते हुए दिखाया गया है। उसके हाथ में एक झंडा भी है। पोस्टर रिलीज होते ही वायरल हो गया। हिंदू धर्म के लोग इसे देवी देवताओं का अपमान मान रहे हैं। वे लगातार विरोध कर रहे हैं। आगरा में हिंदू महासभा की प्रांत अध्यक्ष मीना दिवाकर के नेतृत्व में कार्यकर्ता सीओ छत्ता सुकन्या शर्मा के कार्यालय में तहरीर लेकर पहुंचे। 
कार्यकर्ता जितेंद्र मां काली के वेश में उनके साथ थे। कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन भी किया। कार्यकर्ताओं ने नारेबाजी के साथ फिल्म मेकर के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। सीओ के न मिलने पर स्टाफ ने तहरीर लेकर जांच का आश्वासन दिया। प्रांत अध्यक्ष मीना दिवाकर का कहना है कि वो खुद महिला हैं और काली मां की परम भक्त हैं। लगातार हिंदू देवी-देवताओं का अपमान किया जा रहा है। मुकदमा दर्ज नहीं हुआ तो आंदोलन किया जाएगा। अखिल भारत हिंदू महासभा के संजय जाट ने कहा है कि फिल्म में देवी काली का अपमान किया गया है। कहीं भी यह फिल्म अगर रिलीज हो गई तो रिलीज करने वाला नुकसान के लिए खुद जिम्मेदार होगा। हिंदू महासभा फिल्म को कहीं रिलीज नहीं होने देगी।


Post a Comment

0 Comments