-रणबीर कपूर, संजय दत्त स्टारर फिल्म शमशेरा आज शुक्रवार को हो रही रिलीज
-आगरा के मशहूर बाल कलाकार गौरांश शर्मा को मिला अहम किरदार
न्यूज़ स्ट्रोक
आगरा, 21 जुलाई। ताज नगरी को एक बार फिर अपने ऊपर गर्व करने का अवसर मिला है। आज 22 जुलाई को यशराज फिल्म्स के बैनर तले रणवीर कपूर, संजय दत्त और वाणी कपूर स्टारर बड़े बजट की फिल्म शमशेरा आगरा के एक दर्जन से अधिक सिनेमाघरों सहित देश-विदेश के सैकड़ों सिनेमाघरों में रिलीज हो रही है। इस फिल्म में आगरा के मशहूर बाल कलाकार और सेंट एंड्रूज पब्लिक स्कूल कमला नगर में पांचवी कक्षा के छात्र गौरांश शर्मा ने रणबीर कपूर (शमशेरा) के गैंग में बच्चों की टोली के लीडर का दमदार किरदार निभाया है।
फिल्म रिलीज से पूर्व गुरुवार को मुंबई से आगरा आने पर बाल कलाकार गौरांश शर्मा को आगरा वासियों ने सर आंखों पर बिठा लिया। आगरा कैंट से लेकर एमजी रोड, दीवानी चौराहा और कमला नगर होते हुए भगवान टॉकीज तक विशाल और भव्य रोड शो निकाला गया। रोड शो के दौरान प्रतापपुरा, सेंट जोंस चौराहा, एमजी रोड, दीवानी चौराहा, सुलतानगंज की पुलिया, बलकेश्वर कमला नगर, भगवान टॉकीज चौराहा पर जोरदार स्वागत किया गया। गौरांश भी खुली कार में अपनी मासूम अदाओं से सबका दिल जीतता रहा।
इस दौरान गौरांश के बाबा मोहन लाल शर्मा, मां सोनिया शर्मा, पिता तरुण शर्मा और बहन सिद्धिका शर्मा प्रमुख रूप से मौजूद रहीं। रोड शो के आयोजन में प्रोफेशनल डांस वर्क्स के डायरेक्टर ऋषभ सिंह की प्रमुख भूमिका रही। गौरतलब है कि इन्ही ऋषभ सिंह ने गौरांश शर्मा को डांस की ट्रेनिंग दी थी।
![]() |
| होटल आशादीप में गौरांश शर्मा का अभिनंदन करते लघु उद्योग भारती के ब्रज संभाग प्रभारी राजीव बंसल, उपाध्यक्ष शैलेश अग्रवाल, सचिव अरविंद शुक्ला एवं अन्य। |
इसके बाद भगवान टॉकीज स्थित होटल आशादीप में गौरांश शर्मा का भव्य अभिनंदन किया गया। साथ ही एक स्क्रीन पर शमशेरा फिल्म के ट्रेलर और एक गीत के साथ-साथ गौरांश द्वारा बॉलीवुड में अदा किए गए विभिन्न किरदारों की एक झलक दिखाई गई। दर्जा प्राप्त राज्यमंत्री व प्रमुख उद्यमी-समाजसेवी राकेश गर्ग और जिलाध्यक्ष भुवेश अग्रवाल के निर्देशन में ब्रज संभाग प्रभारी राजीव बंसल, उपाध्यक्ष शैलेश अग्रवाल, सचिव अरविंद शुक्ला और कार्यकारिणी सदस्य असीम गुप्ता ने बाल कलाकार गौरांश शर्मा को सम्मानित कर आगरा की शान बताया। उल्लेखनीय है कि सोनी टीवी पर सुपर डांसर टू और ज़ी टीवी पर डांस इंडिया डांस लिटिल मास्टर चार द्वारा बॉलीवुड में चमके आगरा के बाल कलाकार गौरांश शर्मा विगत 5 वर्षों से बॉलीवुड में काम कर रहे हैं। वे स्टार प्लस पर मरियम खान रिपोर्टिंग लाइव, स्टार भारत पर जीजी मां, एंड टीवी पर मेरी हानिकारक बीवी और स्टार प्लस पर महाराज की जय हो सहित कई टीवी सीरियल में काम कर चुके हैं।



0 Comments