-विजय शर्मा मेमोरियल ईस्ट जोन सिलेक्शन बैडमिंटन टूर्नामेंट के दूसरे दिन खेले गए 300 मैच
-महिला वर्ग में लखनऊ की स्नेहा सिंह, अंडर-13 में दिव्यांशी गौतम क्वार्टर फाइनल में पहुंचीं
न्यूज़ स्ट्रोक
आगरा, 01 जुलाई। उत्तर प्रदेश के सबसे बड़े बैडमिंटन टूर्नामेंट विजय शर्मा मेमोरियल ईस्ट जोन सिलेक्शन के दूसरे दिन डीवी थापा और अंकित पटेल की जोड़ी ने ओपन वर्ग में हर्ष सिंह और अंडर-19 में इंडिया में नंबर तीन दक्ष गौतम को नॉकआउट मुकाबले में हराकर बाहर का रास्ता दिखा दिया। टूर्नामेंट के दूसरे दिन पुरुष और महिला वर्ग के अंडर-19, ओपन वर्ग, डबल्स और मिक्स्ड डबल्स के करीब 300 मैच खेले गए। स्टेडियम में बॉयज अंडर-19 और ओपन के मैच खेले गए। वहीं सरवन एकेडमी में महिला अंडर-19, ओपन डबल और मिक्स डबल्स के मैच हुए।
गर्ल्स अंडर -19 में प्रदेश में पहली वरीयता प्राप्त बस्ती की खिलाड़ी तनीषा सिंह ने लखनऊ की धारा गुप्ता को 30-11 से हराकर क्वार्टर फाइनल में प्रवेश किया। प्रदेश की दूसरी वरीयता प्राप्त खिलाड़ी लखनऊ की रिदमा थापा ने मथुरा की आशी सिंह को 30-24 से हराया। अंडर-13 में प्रदेश की नंबर वन खिलाड़ी दिव्यांशी गौतम ने कानपुर की प्रिया शुक्ला को 30-26 से हराकर क्वार्टर फाइनल में प्रवेश किया।
ओपन महिला वर्ग में लखनऊ की स्नेहा सिंह ने वाराणसी की रुद्राणी जयसवाल को 30-27 से हराकर क्वार्टर फाइनल में प्रवेश किया। बांदा की अनुपमा गुप्ता ने लखनऊ की वेनिया सिंह को 30-20से हराकर क्वार्टर फाइनल में जगह बनाई । अंडर-17 में इंडिया के सातवीं वरीयता प्राप्त खिलाड़ी नीर नेहवाल को आगरा के ध्रुव प्रताप के खिलाफ वॉकओवर मिला। अलीगढ़ के स्मिथ सिंह ने आगरा के चंद्रकांत को 30-9 से हराया। ओपन डबल्स में आगरा के अनुभव सक्सैना, विवेक कुमार ने हापुड़ के कुणाल त्यागी और उत्सव शर्मा 30-14 से हराया।
मिक्स्ड डबल्स अंडर-19 में दक्ष गौतम और शिवानी सिंह ने मोहम्मद अकरम और कल्याणी राय को 30-17 से हराया। अश्मित सिंह और मुस्कान यादव को शिवम वर्मा और नेहा पाल के खिलाफ वॉकओवर मिला। ओपन वर्ग के मिश्रित युगल में आयुष गर्ग और खुशी पंथ ने अश्वनी कश्यप और प्रतीक्षा सिंह को 30-13 से हराया।
इस मौके पर आयोजन समिति की अध्यक्ष बीना लवानिया, आगरा बैडमिंटन एसोसिएशन के अध्यक्ष विनोद सीतलानी, सचिव राहुल पालीवाल, कोषाध्यक्ष आसिफ अली, राहुल गोगिया, दिनकर खनूजा आदि मौजूद रहे।
खिलाड़ियों की सेवा में लगी संकल्प सेवा संस्था
बैडमिंटन प्रतियोगिता में समाजसेवी भी बढ़-चढ़कर भाग ले रहे हैं। चार दिन तक चलने वाले टूर्नामेंट में संकल्प सेवा संस्था की ओर से आरओ के शुद्ध एवं शीतल पानी की व्यवस्था की गई है। शुक्रवार को समिति के अध्यक्ष बृजेश पंडित और उनके सदस्यों ने खिलाड़ियों को खीर का वितरण किया। समिति की पूनम गौड़ ने बताया कि यह शहर के लिए गौरव की बात है कि एक साथ 700 खिलाड़ी आगरा में खेलने के लिए आए हैं। खिलाड़ियों के लिए खाने और स्टेडियम से सरवन एकेडमी तक लाने ले जाने की व्यवस्था की गई है जिससे उन्हें परेशानी ना आए। इस दौरान गिरीश शर्मा , सोमा सिंह भी मौजूद रहे।




0 Comments