रोटरी क्लब ने 'कन्या श्री' कार्यक्रम में शहर की 272 बेटियों को दीं साइकिलें

ताकि ना रुकें पढ़ने के लिए
बेटियों के बढ़ते कदम...

आरबीएस कॉलेज सभागार में छात्राओं को साइकिल प्रदान करते केंद्रीय विधि एवं न्याय राज्यमंत्री प्रोफेसर एसपी सिंह बघेल। साथ हैं शरत चंद्र, डॉ. पंकज नगायच, नरेश जैन व अन्य।


-आगरा, मथुरा, हाथरस समेत 21 शहरों की 2100 निर्धन-मेधावी छात्राएं हुई लाभान्वित

न्यूज़ स्ट्रोक
आगरा, 01 जुलाई। रोटरी नव वर्ष के प्रथम दिन शुक्रवार को रोटरी मंडल 3110 ने नये मंडलाध्यक्ष पवन अग्रवाल के नेतृत्व में सेवा की अनूठी मिसाल पेश की। आगरा, मथुरा, हाथरस, अलीगढ़, कानपुर, झांसी बरेली, शाहजहांपुर, पीलीभीत और काशीपुर सहित 21 शहरों की 2100 निर्धन-मेधावी छात्राओं को नि:शुल्क साइकिल वितरण कार्यक्रम "कन्या श्री" का शुभारंभ खंदारी स्थित आरबीएस कॉलेज के ऑडिटोरियम में किया गया।
इस सेवा कार्य से ताजनगरी के सरकारी और विद्या भारती से संबद्ध स्कूलों में अध्ययनरत कक्षा 9 से 12 की 272 छात्राएं लाभान्वित हुईं। 
 समारोह के मुख्य अतिथि केंद्रीय विधि एवं न्याय राज्यमंत्री और आगरा के सांसद प्रोफेसर एसपी सिंह बघेल के साथ विशिष्ट अतिथि समाजसेवी-उद्यमी पूरन डावर और नरेश जैन ने दीप जलाकर समारोह का शुभारंभ किया। 
 उनके साथ मंच पर कार्यक्रम समन्वयक और रोटरी क्लब के पूर्व मंडलाध्यक्ष शरत चंद्र, रोटरी क्लब के पूर्व अध्यक्ष और वर्तमान में असिस्टेंट गवर्नर डॉ. पंकज नगायच, प्रोजेक्ट कोआर्डिनेटर डॉ. आलोक मित्तल, थान सिंह, अरुण सिंह और योगेश राज भी मंच पर प्रमुख रूप से मौजूद रहे। डॉ. पंकज नगायच ने संचालन किया। 
 इस दौरान शांति स्वरूप गोयल, डॉक्टर डीवी शर्मा, रवि अग्रवाल, रामरतन मित्तल, डॉक्टर नरेंद्र मल्होत्रा, डॉक्टर जयदीप मल्होत्रा सहित सैकड़ों गणमान्य लोग सभागार में मौजूद रहे। 
साथ ही, रोटरी क्लब आगरा, आगरा ग्रेटर, आगरा ग्रेस, आगरा मिडटाउन, आगरा निओ, आगरा आगरा नॉर्थ ईस्ट, आगरा नॉर्थ, आगरा सफायर, आगरा ताज सिटी, आगरा विशाल और आगरा वेस्ट के पदाधिकारी भी मौजूद रहे।
 आरंभ में एक पहल पाठशाला के बच्चों ने गणेश वंदना और साइकिल का महत्व बताती नाट्य प्रस्तुति पेश कर सभी का दिल जीत लिया।
समारोह के दौरान ऑनलाइन स्क्रीन के माध्यम से 21 शहरों में साइकिल वितरण का कार्यक्रम एक साथ चला और सभी शहर एक दूसरे से जुड़े रहे।
इस मौके पर मुख्य अतिथि प्रोफेसर एसपी सिंह बघेल ने कहा कि मैंने छात्र जीवन में साइकिल न होने की दिक्कत महसूस की है। रोटरी क्लब की इस अनूठी सेवा से बेटियों को शिक्षा ग्रहण करने के लिए सुविधा मिलेगी और प्रोत्साहन मिलेगा। 
समाजसेवी पूरन डावर ने कहा कि इस पहल से बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ के साथ आत्मनिर्भर भारत का सपना साकार होगा। विकासवादी और भोग वादी समाज में महिलाओं को सक्षम बनाने की यह पहल सराहनीय है। समाजसेवी नरेश जैन ने भी रोटरी क्लब के सेवा कार्यों की प्रशंसा की।
कार्यक्रम समन्वयक और पूर्व मंडलाध्यक्ष शरत चंद्र ने कहा कि कन्याओं का भविष्य तभी सुंदर होगा जब वह शिक्षित होंगी। साइकिल मिलने से स्कूल जाना और शिक्षा पाना सुगम होगा। 
पूर्व अध्यक्ष और वर्तमान में असिस्टेंट गवर्नर डॉ. पंकज नगायच ने स्पष्ट किया कि 117 वर्ष के इतिहास में पहली बार कनाडा जेनिफर लोन के रूप में  रोटरी की अंतरराष्ट्रीय अध्यक्ष एक महिला बनी है। इसी को ध्यान में रखते हुए एक जुलाई को देश भर में कन्याश्री योजना के तहत छात्राओं को साइकिल वितरण का कार्यक्रम किया गया है। 

Post a Comment

0 Comments