-डिस्ट्रिक्ट क्रिकेट एसोसिएशन आगरा ने कई तरह की योजनाएं बनाईं
युवा क्रिकेटर्स के लिए एसोसिएशन विशेष पुरस्कार घोषित किए
- खिलाड़ियों के प्रोत्साहन पर इस वर्ष साढ़े पांच लाख रुपये व्यय करने का निर्णय
- क्रिकेट स्टेडियम के लिए सरकार पर नहीं रहेंगे निर्भर, निजी प्रयास किए जायेंगे
न्यूज़ स्ट्रोक
आगरा, 23 जुलाई। डिस्ट्रिक्ट क्रिकेट एसोसिएशन आगरा (डीसीएए) नए पदाधिकारियों संग नए जोश में है। नई कमेटी में शहर के दमदार नाम शामिल हैं। साथ ही पूर्व क्रिकेटरों को भी इसमें शामिल किया गया है। एमजी रोड संजय प्लेस स्थित एक होटल में आयोजित प्रेस कांफ्रेंस में नए एसोसिएशन के प्रमुख पदाधिकारियों ने अपने नए लक्ष्यों की जानकारी दी।
मायावती सरकार से लेकर सपा और अब तक भाजपा सरकार में भी आगरा में एक क्रिकेट स्टेडियम बनाने को लेकर किसी मांग पर कोई सुनवाई नहीं हुई है। हालांकि इसकी जरूरत शिद्दत से महसूस की जाती है। ऐसे में शहर में क्रिकेट स्टेडियम तैयार करने का काम निजी क्षेत्र के जरिए पूरा किया जाएगा। नई कार्यकारिणी इस मामले में गंभीरता से काम करेगी। इसके साथ ही प्रतिभाओं को प्रोत्साहन देने के लिए कई घोषणाएं की हैं।
डीसीएए के नए अध्यक्ष सुनील कुमार जोशन ने प्रेसवार्ता में बताया कि डीसीएए अब सरकार के भरोसे न रह कर स्टेडियम के लिए भूमि तलाश रहा है, शीघ्र इस काम को पूरा कर लिया जाएगा।
जोशन और सचिव प्रकाश शेष कौशल ने बताया कि आगरा में क्रिकेट को बढ़ावा देने के लिए खिलाड़ियों की आयु पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। किसी भी वर्ग में कोई ओवर ऐज नहीं खेल पाएगा। ज्यादा से ज्यादा प्रतियोगिताओं का आयोजन उनकी प्राथमिकताओं में शामिल है।
खिलाड़ियों को पुरस्कार, शानदार पहल
सभी आयु वर्गों में सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी को 5-5 हजार रुपये नकद पुरस्कार दिए जाएंगे। इसमें 15 खिलाड़ी बॉयज और 10 गर्ल्स होंगी। इसी तरह आर्थिक रूप से कमजोर उदीयमान बालक एवं बालिका वर्ग के खिलाडिय़ों को जरूरत का सामान उपलब्ध कराने के लिए प्रतिवर्ष एक लाख 25 हजार रुपये रखे गए है। वहीं स्कॉलरशिप के लिए 15 लड़कों और 10 बालिकाओं को क्रमश: 75 हजार और 50 हजार रुपये की सहायता दी जाएगी। कुल मिलाकर क्रिकेटर्स के प्रोत्साहन पर इस वर्ष साढ़े पांच लाख रुपये व्यय करने का निर्णय लिया गया है।
शहर में बिना मानकों के चल रहीं क्रिकेट एकेडमीज पर भी लगाम लगाई जाएगी। भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड के माध्यम से मापदंड तय किये जा रहे हैं। इसके बिना एकेडमी चलाना संभव नहीं होगा। खिलाड़ियों के भविष्य से खिलवाड़ किसी भी कीमत पर किसी को नहीं करने दिया जाएगा।
डीसीएए के उपाध्यक्ष राजेश सहगल ने बताया कि बालिकाओं के क्रिकेट अभ्यास व मैचों के लिए प्रिल्यूड पब्लिक स्कूल ने अपना मैदान डीसीएए को उपलब्ध कराने का वायदा कर दिया है। जहां सारी सुविधाएं हैं। दर्शकों के बैठने के लिए भी जगह है।
इस अवसर पर राजेंद्र जलाल नेगी, राजेंद्र पंवार, विशाल शर्मा आदि मौजूद रहे। डीसीएए के संयुक्त सचिव सर्वेश भटनागर ने बताया कि नौ सदस्यीय प्रबंध समिति व आठ सदस्यीय कार्यकारिणी का गठन कर लिया गया है, जो इस प्रकार है-
- अध्यक्ष- सुनील कुमार जोशन।
- उपाध्यक्ष- राजेश सहगल, विजय भार्गव, हेमलता काला।
- सचिव- प्रकाशेष कौशल।
- संयुक्त सचिव- कैप्टन अजीत सिंह राणा व सर्वेश भटनागर।
- कोषाध्यक्ष- नरेश जैन। संरक्षक- गोपाल गुप्ता।
- कार्यकारी समिति: डॉ. रंजना बंसल, जे.एस. फौजदार, सुशील गुप्ता, हरसिमरन सिंह अलग, श्याम बंसल, तुलिका कपूर, ललित वर्मा, हरेन्द्र शर्मा।


0 Comments