रजनी सिंह को साहित्य साधिका, प्रभा यादव को सुधि शिक्षक सम्मान



न्यूज़ स्ट्रोक
आगरा, 25 सितम्बर । ताज नगरी की प्रसिद्ध साहित्यिक संस्था साहित्य साधिका समिति द्वारा हिंदी पखवाड़े के उपलक्ष्य में रविवार को नागरी प्रचारिणी सभा के मानस भवन में पुस्तक लोकार्पण एवं सम्मान समारोह आयोजित किया गया। समारोह की मुख्य अतिथि डॉ. कमलेश नागर रहीं। ग्वालियर से पधारीं साहित्यकार श्रीमती मधूलिका सिंह ने कार्यक्रम की अध्यक्षता की। 
 समारोह में साहित्य साधिका सम्मान-2022 साहित्यकार डॉ. रजनी सिंह (डिबाई) तथा सुधी शिक्षक सम्मान-2022 आदर्श शिक्षक श्रीमती प्रभा यादव (सिकंदराराऊ) को प्रदान किया गया। समारोह में श्रीमती शशि सिंह की कृति वतन की माटी का विमोचन किया गया। समीक्षक डॉ. सुषमा सिंह ने कृति की सराहना की । 
 मुख्य अतिथि डॉ. कमलेश नागर ने कहा कि आजादी के अमृत महोत्सव के अवसर पर वतन की माटी जैसी साहित्यिक कृति का एक अलग महत्व है। हमारे लिए वतन और उसकी माटी दोनों ही महत्वपूर्ण हैं।
 डॉ. रजनी सिंह ने कहा कि साहित्यकार संवेदनाओं के कोमल किसलय भावों से अक्षर रूपी ब्रह्म को निखार कर समाज में  स्वर्णिम आलोक लुटाता है। सम्मानित शिक्षक प्रभा यादव  ने कहा कि शिक्षक पारस की भांति अपने ज्ञान की प्रतिभा से आलोक फैलाता है। इससे पूर्व, अतिथियों तथा साधिकाओं द्वारा मां वाणी को पुष्प अर्पित कर दीप प्रज्ज्वलित किया गया। मीरा परिहार ने वाणी वन्दना को स्वर देकर मां का स्तवन किया। श्रीमती रमा वर्मा 'श्याम' ने सभी का भाव भरे शब्दों द्वारा स्वागत किया। प्रेम लता मिश्रा ने॑ 'मैं हिन्दी हूं एकांकी का मंचन कर कार्यक्रम में चार चांद लगा दिए। समारोह का संचालन श्रीमती यशोधरा यादव 'यशो' ने किया। 
समारोह में यह भी रहीं शामिल..
सविता मिश्रा,  डॉ. सुनीता चौहान, विजया तिवारी, साधना वैद, मीरा परिहार, डॉ. आभा चतुर्वेदी, रेखा कक्कड़, डॉ. रेखा गौतम, डॉ. भावना, चारु मित्रा, प्रभा मेहरा, दिव्या चौहान, पूनम तिवारी, कमला सैनी और रेखा शर्मा के साथ ही शहर और देश के श्रेष्ठ साहित्यकारों में राजबहादुर सिंह राज, अशोक अश्रु, संजय गुप्त, विवेक यादव, सुधांशु साहिल की गरिमामयी उपस्थिति रही।

Post a Comment

0 Comments