-आठ अक्टूबर को राजगद्दी पर विराजेंगे भगवान श्रीराम, होगा भव्य राजतिलक
न्यूज स्ट्रोक
आगरा, 11 सितंबर। प्राचीन श्रीरामचंद्र मंदिर जटपुरा खातीपाड़ा से निकलने वाली उत्तर भारत की प्राचीन दशहरा शोभायात्रा के कार्यक्रमों की आगामी रूपरेखा के लिए दशहरा शोभायात्रा आयोजन समिति के पदाधिकारियों का शपथ ग्रहण समारोह संजय प्लेस स्थित आहार रेस्टोरेंट पर आयोजित हुआ। इसमें नवनिर्वाचित अध्यक्ष महेंद्र खंडेलवाल, महामंत्री राजपाल यादव, वरिष्ठ उपाध्यक्ष एवं राजगद्दी प्रभारी तरुण सिंह, दशहरा संयोजक पार्षद शरद चौहान एवं हेमंत प्रजापति, सर्वव्यवस्था प्रमुख रामदास कटारा, कोषाध्यक्ष अमित बंसल, महिला मंडल अध्यक्ष क्षमा जैन सक्सेना और उपाध्यक्ष मटरू सिंह ने पद की शपथ ग्रहण की।
दशहरा शोभायात्रा दशहरा पर्व पर पांच अक्टूबर को प्राचीन श्रीरामचंद्र मंदिर जटपुरा खातीपाड़ा लोहामंडी से निकाली जाएगी।
अध्यक्ष महेंद्र खंडेलवाल ने बताया कि दशहरा शोभायात्रा की तैयारी जोरों पर चल रही है। शोभयात्रा में विभिन्न राज्यों की झांकियो को शामिल करने के लिए जम्मू, मद्रास, पश्चिम बंगाल, उड़ीसा, राजस्थान, मध्य प्रदेश, झारखंड सहित करीब 12 राज्यों की समितियों को निमंत्रण भेजा जा चुका है। महामंत्री राजपाल यादव ने बताया कि शोभायात्रा में प्रत्येक झांकी समाज को एक सन्देश देगी। पर्यावरण संरक्षण, बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ, दहेज-प्रथा, महिला सशक्तिकरण और स्वच्छ भारत का सन्देश देती हुई तमाम झांकियां नजऱ आएंगी।
महिला मंडल अध्यक्ष क्षमा जैन सक्सेना ने बताया कि शोभायात्रा मार्ग में श्री राम और रावण का तीर कमान से युद्ध करते हुए का सजीव डोला मुख्य आकर्षण का केंद्र होगा। राजगद्दी प्रभारी तरुण सिंह ने बताया कि चयन समिति द्वारा श्रीराम, लक्ष्मण और सीता जी के स्वरूपों का चयन 25 सितम्बर तक किया जायेगा। आठ अक्टूबर को भगवान् श्रीराम का राजतिलक के बाद राजगद्दी पर विराजेंगे। इस अवसर पर प्रवीण अग्रवाल, जितेंद्र पराशर, अरिहंत जैन, कुमार गुरु कपूर, पंकज कुमार, हर्ष गुप्ता, हर्षित पाठक, सोनू अग्रवाल, विनोद राजपूत, दिनेश सक्सेना आदि मौजूद रहे।
0 Comments