कॉलेज पाठ्यक्रम में जल्द शामिल होगा सड़क सुरक्षा विषय- योगेंद्र उपाध्याय


»सभी शैक्षणिक संस्थानों में एक साथ दिलायी जाएगी सड़क सुरक्षा की शपथ
»सड़क सुरक्षा के मुद्दे पर उच्च शिक्षा मंत्री योगेंद्र उपाध्याय ने की संयुक्त बैठक 

न्यूज़ स्ट्रोक
लखनऊ/आगरा। अब सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूकता लाने के लिए शिक्षा से जुड़े सभी विभाग एकजुट होकर प्रयास करेंगे। इसके लिए प्रदेश के उच्च शिक्षा मंत्री योगेन्द्र उपाध्याय की अध्यक्षता में उच्च शिक्षा, माध्यमिक शिक्षा, बेसिक शिक्षा, प्राविधिक शिक्षा तथा व्यवसायिक शिक्षा विभाग की संयुक्त बैठक आयोजित की गयी।
जानकारी के मुताबिक उच्च शिक्षा विभाग जल्द ही सड़क सुरक्षा को कॉलेज पाठ्यक्रम में शामिल करेगा और इससे जुड़े अध्यायों को माध्यमिक और प्राथमिक स्तर या नैतिक शिक्षा की किताब में भी शामिल किया जाएगा। शिक्षा से जुड़े सभी विभाग बहुमूल्य जीवन को बचाने के लिए सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूकता पैदा करने के लिए संयुक्त प्रयास करेंगे। यूपी के उच्च शिक्षा मंत्री योगेंद्र उपाध्याय ने कहा कि 21 जनवरी को होने वाले रन फॉर जी-20 कार्यक्रम में सड़क सुरक्षा विषय को भी शामिल किया जाए।
मंत्री ने कहा, सड़क सुरक्षा पर निबंध प्रतियोगिता सभी स्कूलों और कॉलेजों में एक ही दिन आयोजित की जानी चाहिए। स्कूलों/कॉलेजों में आयोजित सभा में सड़क सुरक्षा के लिए शपथ दिलाई जानी चाहिए। उन्होंने कहा कि सभी संस्थानों में एक साथ इन कार्यक्रमों के आयोजन से प्रयास और अधिक प्रभावी होंगे।
उपाध्याय ने कहा कि वर्तमान संदर्भ में सड़क सुरक्षा एक संवेदनशील विषय है, यह जनता के बीच जागरूकता फैलाने का समय है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार 5 जनवरी से चार फरवरी तक सड़क सुरक्षा माह का आयोजन कर रही है।
उपाध्याय ने कहा कि सडक़ दुर्घटनाओं में जान-माल की क्षति से बचने के लिए प्रदेश के नागरिकों द्वारा यातायात नियमों का पालन करना आवश्यक है। ऐसे में नागरिकों में यातायात नियमों को स्वयं आत्मसात करने वाले नैतिक मूल्यों का विकास करना शिक्षा विभाग की जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि समस्त शैक्षणिक संस्थानों में सड़क सुरक्षा जागरूकता से सम्बंधित होर्डिंग/पोस्टर आदि भी लगाया जाये। सभी स्कूलों, कॉलेजों में एक साथ किसी दिन सडक़ सुरक्षा पर निबन्ध प्रतियोगिता का आयोजन किया जाये। ऐसी प्रतियोगिताओं में छात्र-छात्राओं की सहभागिता, गिनीज बुक ऑफ रिकॉर्ड का हिस्सा बन सकता है। 
छात्रों को दिये जाएंगे प्रोजेक्ट वर्क 
इस दौरान प्राविधिक शिक्षा मंत्री आशीष पटेल ने कहा कि सडक़ सुरक्षा से जुड़े अभियान को और प्रभावी बनाने के लिए प्राविधिक कॉलेजों के छात्रों को प्रोजेक्ट वर्क के रूप में यातायात से जुड़ा कार्य दिया जायेगा। इसमें छात्र अपने शहर के व्यस्ततम ट्रैफिक वाले चैराहोंं को सुव्यवस्थित करने का सुझाव देंगे। 
माध्यमिक शिक्षा राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) गुलाब देवी ने कहा कि माध्यमिक शिक्षा विभाग भी सड़क सुरक्षा अभियान को सफल बनाने में भागीदारी सुनिश्चित करेगा।बैठक में व्यावसायिक राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) कपिल देव अग्रवाल, राज्य मंत्री उच्च शिक्षा रजनी तिवारी, प्रमुख सचिव उच्च शिक्षा डॉ. सुधीर एम बोबडे, विशेष सचिव प्राविधिक शिक्षा सहित सभी विभागों के अधिकारीगण उपस्थित थे।

Post a Comment

0 Comments