खंडपीठ की मांग से जुड़े अब
कमला नगर के व्यापारी भी
न्यूज़ स्ट्रोक
आगरा। हाई कोर्ट खंडपीठ स्थापना संघर्ष समिति व फेडरेशन ऑफ ऑल इंडिया व्यापार मंडल के संयुक्त तत्वावधान में रविवार को कमला नगर मार्केट में नुक्कड़ सभा का आयोजन हुआ। इसमें कमला नगर व्यापार कमेटी के पदाधिकारियों ने आंदोलन को अपना पूर्ण समर्थन दिया।
आगरा में हाईकोर्ट बेंच की स्थापना के लिए आगरा जनपद के एक के बाद एक व्यापारिक संगठन जुड़ते जा रहे हैं। उसी कड़ी में कमला नगर मार्केट में खंडपीठ स्थापना संघर्ष समिति के संयोजक प्रमोद शर्मा, दुर्ग विजय सिंह भैया, फेडरेशन के अध्यक्ष हरेश अग्रवाल की संयुक्त अध्यक्षता में नुक्कड़ सभा का आयोजन हुआ। जिसमें बड़ी संख्या में व्यापारियों ने भाग लिया। सभी व्यापारियों ने एक स्वर से कहा कि हर व्यापारी को चाहिए सस्ता सुलभ और त्वरित न्याय। व्यापारी वर्ग के सामने अपने मुकदमे की पैरवी करने में 500 किलोमीटर की दूरी बड़ी बाधा साबित होती है। इस मौके पर 'वी वांट हाईकोर्ट' के नारे लगाए गये।
प्रमोद शर्मा, दुर्ग विजय सिंह भैया व हरेश अग्रवाल ने कहा कि अब यह आंदोलन आगरा का जनमानस लड़ेगा। हमें किसी भी राजनीतिक दल या जनप्रतिनिधि की आवश्यकता नहीं। अगर उन्हें आने वाले चुनाव में आगरा के जनमानस का वोट चाहिए तो उन्हें आगरा की समस्याओं को प्रभावी रूप से सरकार में उठाना पड़ेगा। हर राजनीतिक दल खंडपीठ आंदोलन से परिचित है लेकिन संसद में पहुंचकर मौन धारण कर लेता है। आगरा के हक के लिए जो बोलेगा वही वोट पाएगा।
फेडरेशन के महामंत्री ब्रजेश पंडित ने कहा के नुक्कड़ सभाओं के माध्यम से व्यापारी और आम जनता को हाईकोर्ट का महत्व अब समझ आने लगा है। आगरा के सैकड़ों व्यापारियों के विधिक मामले माननीय उच्च न्यायालय में लंबित हैं उनको लगता है कि जस्टिस जसवंत सिंह आयोग की रिपोर्ट लागू होने से उन्हें न्याय पाने में आसानी होगी।
सचिव हेमंत भारद्वाज व वीरेंद्र फौजदार ने संयुक्त बयान में कहा कि देश का सर्वोच्च न्यायालय मात्र 200 किलोमीटर दूर और हमारा हाईकोर्ट 500 किलोमीटर दूर। व्यापारियों ने नारा लगाते हुए मांग की कि आगरा हमारी शान है हाईकोर्ट हमारी मांग है।
कार्यक्रम का संचालन फेडरेशन ऑफ ऑल इंडिया व्यापार मंडल के महामंत्री ब्रजेश पंडित ने किया। कार्यक्रम में विशेष रूप से फेडरेशन के उत्तर प्रदेश विद्युत कमेटी के चेयरमैन डीसी शर्मा, उत्तर प्रदेश कर अधिवक्ता संगठन के चेयरमैन दीपक माहेश्वरी सहित रविंद्र अग्रवाल, विजय कुमार गोयल, विनीत गुप्ता, विद्युत प्रकोष्ठ के मनोज खंडेलवाल, रूपेश अग्रवाल आदि व्यापारी मुख्य रूप से कार्यक्रम में शामिल हुए।

0 Comments