पत्रकार लाखन सिंह बघेल को सम्मानित करते मास्टर हॉकी संघ आगरा के पदाधिकारी। ( फोटो न्यूज़ स्ट्रोक ) |
न्यूज़ स्ट्रोक
आगरा, 30 जनवरी। शहर के वरिष्ठ पत्रकार लाखन सिंह बघेल को दैनिक जागरण अखबार में तीन दशक से ज्यादा समय तक कार्यरत रहने के बाद सेवानिवृत्त होने पर मास्टर हॉकी संघ की ओर से सम्मानित किया गया। साथ ही नई पारी के लिए शुभकामनाएं दी गईं।
लाखन सिंह बघेल ने खेल पत्रकार के रूप में भी लंबे समय तक कार्य किया और अपनी छाप छोड़ी। मास्टर हॉकी संघ के अध्यक्ष राजीव सोई ने लाखन सिंह बघेल की पत्रकार के रूप में सेवाओं को याद किया। उन्होंने कहा कि लाखन भाई ने पत्रकार के रूप में हमेशा खेल और खिलाड़ियों को बढ़ावा दिया। खिलाड़ियों को कभी भटकने नहीं दिया। हर वक्त कलम से उनका सहारा बने रहे।
आगरा मास्टर हॉकी के सचिव अमिताभ गौतम ने कहा कि लाखन सिंह बघेल हमेशा खेल के प्रति समर्पित रहे हैं और जब भी उनकी जरूरत महसूस हुई उन्होंने खिलाड़ियों को अपना स्नेह और आशीर्वाद दिया। हमें पूरा भरोसा है कि एक संरक्षक की तरह भविष्य में भी अपना सहयोग हमें देते रहेंगे।
लाखन सिंह बघेल ने मास्टर हॉकी एसोसिएशन के सभी पदाधिकारी और खिलाड़ियों का आभार जताया। लोगों के प्यार से वह अभिभूत दिखे। मास्टर हॉकी के सभी पदाधिकारियों एवं खिलाड़ियों ने उनको मोमेंटो देकर, शॉल ओढ़ाकर एवं माला पहनाकर स्वागत किया। इस अवसर पर वरिष्ठ खिलाड़ी अमरजीत सिंह, धर्मेंद्र बघेल, गोपाल भगत, शैलेश सिंह, परमजीत सिंह, अजय सिंह, गौरव रौतेला, अमीन उला, संजय शर्मा, त्रिलोकी राना ,फारुख, शाहिद अंसारी, दिलीप शर्मा, फ़रमान, नवल आदि उपस्थित रहे।
0 Comments