झूठ बोलने में माहिर भाजपा, यूपी में यमराज लाने वाली सरकार


हिंदुस्तान को बिकने से बचाना

है तो पंजे पर बटन दबाना है


-वरिष्ठ कांग्रेस नेता प्रमोद तिवारी ने प्रबुद्ध जन संवाद में भाजपा सरकार पर किया करारा प्रहार


 मुकेश उपाध्याय, न्यूज़ स्ट्रोक
आगरा, 3 फरवरी । उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनावों के लिए आगरा में कांग्रेस प्रत्याशियों के पक्ष में चुनाव प्रचार के लिए आए कांग्रेस नेता प्रमोद तिवारी ने भाजपा पर तीखे हमले किए। कांग्रेस के स्टार प्रचारक ने कहा कि हमारी सरकार ने आत्मनिर्भर भारत बनाया तो भाजपा ने पूंजीपति निर्भर भारत बना दिया। मोदी और योगी की सरकार झूठ बोलने में माहिर हैं।
मीडिया से बातचीत में कांग्रेस के वरिष्ठ नेता प्रमोद तिवारी ने कहा कि यदि मोदी और योगी को झूठ बोलने के ओलंपिक में भेजा जाए तो उन्हें गोल्ड नहीं,  प्लैटिनम मेडल मिलेगा। उन्होंने आरोप लगाया कि उत्तर प्रदेश में कोरोना से हुईं मौत को छुपाया गया। जो गिनती सरकार ने बताई वह चौथाई भी नहीं है। ऑक्सीजन की कमी से एक ही हॉस्पिटल में 22 लोग मरे। प्रमोद तिवारी ने कहाकि भाजपा राम को लाने की बात कहती है, जबकि हकीकत ये है कि प्रदेश में कोरोना फैलाकर यमराज को लाने वाली सरकार है। 
जिस वक्त विदेशों में कोरोना फैलना शुरू हुआ था, तब इंटरनेशनल उड़ान रोकनी चाहिए थी। तब भाजपा सरकार तत्कालीन अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप को खुश करने में लगी रही। उनको आगरा, दिल्ली, अहमदाबाद आदि घुमाया गया। इससे भी कोरोना के चलते मौतें सर्वाधिक हुईं।
प्रमोद तिवारी ने कहा कि उत्तर प्रदेश सरकार ने 5 सालों में कोई भी ऐसा कार्य नहीं किया जिसे वह जनता के सामने रख सकें। इसी के चलते उन्हें अब गुंडागर्दी, अब्बा जान और जिन्ना आदि पर चुनाव लड़ना पड़ रहा है।



कांग्रेस प्रत्याशियों को जिताने की अपील

उत्तर विधानसभा के कांग्रेस प्रत्याशी, प्रमुख समाज सेवी और व्यापारी नेता विनोद बंसल के समर्थन में गुरुवार को आवास विकास कॉलोनी के सेक्टर 11 स्थित पार्क में प्रबुद्ध जन संवाद आयोजित किया गया। प्रमोद तिवारी ने प्रबुद्ध लोगों को संबोधित करते हुए कहा कि हमारी सरकार ने आत्मनिर्भर भारत बनाया तो भाजपा ने पूंजीपति निर्भर भारत बना दिया। अगर हिंदुस्तान को बिकने से बचाना है तो पंजे पर बटन दबाना होगा।
उन्होंने कहा कि 42 साल के राजनीतिक जीवन में ऐसी निकम्मी, जन विरोधी और गरीब विरोधी सरकार कभी नहीं देखी। योगी-मोदी की सरकार बहकी बहकी बात करने वाली और झूठ बोलने वाली सरकारें हैं। आज क्षेत्र में भारतीय जनता पार्टी के प्रत्याशी घुस नहीं पा रहे। जनता के सवालों के जवाब नहीं दे पा रहे। जनता पूछ रही है जब दुनिया में पेट्रोल सस्ता हो रहा है तो यहां महंगा क्यों? बिजली महंगी क्यों? इसलिए प्रियंका गांधी ने ठाना है, बिजली बिल आधा माफ होगा ताकि जनता को राहत मिले।
उन्होंने विनोद बंसल को भारी बहुमत से जिताने की अपील करते हुए कहा कि विनोद बंसल का व्यक्तित्व बेदाग है। वे जनता के लिए समर्पित रहे हैं। ऐसे व्यक्ति की जगह विधानसभा है। इसीलिए वह केवल आगरा उत्तर के ही नहीं, प्रियंका के बहुत प्रिय प्रत्याशी हैं। 
मीडिया से बातचीत के दौरान तथा प्रबुद्ध जन संवाद कार्यक्रम में जिला अध्यक्ष राघवेंद्र मीनू, व्यापार प्रकोष्ठ के राघवेंद्र उपाध्याय, कांग्रेस पर्यवेक्षक जितेंद्र चंदेलिया, डॉक्टर मधुरिमा शर्मा, एसके समाधिया, लोकेश पाठक, दिनेश बाबू शर्मा, आगरा उत्तर से कांग्रेस प्रत्याशी विनोद बंसल, आगरा दक्षिण से प्रत्याशी अनुज शर्मा, राम टंडन, दिनेश बाबू शर्मा, दुष्यंत शर्मा, आइडी श्रीवास्तव, अपूर्व शर्मा आदि मौजूद रहे। सभा का संचालन शहर अध्यक्ष देवेंद्र चुल्लू ने किया। उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के हाजी जमील कुरैशी ने धन्यवाद ज्ञापन दिया

Post a Comment

0 Comments