मंटोला आगरा में सट्टेबाज आरिफ की करोड़ों की संपत्ति ज़ब्त

जुए सट्टे के बड़े माफिया

आरिफ पर हैं 27 मुक़दमे




न्यूज़ स्ट्रोक
आगरा 22 अप्रैल । ताज नगरी में आज पुलिस और प्रशासन ने कड़ी कार्रवाई करते हुए गैंगस्टरों की संपत्ति जब्तीकरण को अंजाम दिया। आज शुक्रवार को जिलाधिकारी के आदेश पर प्रशासन और पुलिस की टीम मंटोला में पहुंच गई, जहां आरिफ की 4.50 करोड़ की संपत्ति कुर्क करने की कार्रवाई की गई। मंटाेला निवासी आरिफ उर्फ गुड्डू के खिलाफ 27 मुकदमे दर्ज हैं।
इस दौरान मौके पर अफरा-तफरी का माहौल रहा। इस कार्रवाई का माइक से अनाउंस भी कराया गया। सट्टेबाज आरिफ उर्फ गुड्डू के घर बड़ी संख्या में पुलिस फोर्स के साथ टीम पहुंची। उसके दो मकानों पर टीम ने ताला लगाकर सील लगा दी। उसके खिलाफ गैंगस्टर एक्ट के तहत कार्रवाई भी हो चुकी है।
एसएसपी सुधीर कुमार सिंह ने गैंगस्टर एक्ट की धारा 14 (1) के तहत उसकी संपत्ति जब्त करने को जिलाधिकारी को रिपोर्ट दी थी। इसके बाद जिलाधिकारी ने उसकी संपत्ति जब्त करने के आदेश दिए। जिलाधिकारी के आदेश पर शुक्रवार को सुबह 11 बजे टीम मंटोला थाने पहुंची। यहां से पुलिस फोर्स के साथ टीम गैंगस्टर के घर पहुंची। आरिफ के दो मकानों पर टीम ने सील लगा दी। जब्तीकरण के लिए पांच मकान, एक प्लाट, दो बैंक खातों में जमा रकम और दो एक्टिवा चिह्नित है। इस तरह कुल 4.50 करोड़ की संपत्ति जब्त होनी थी। एसपी सिटी विकास कुमार ने बताया कि 4.50 करोड़ की संपत्ति कुर्क की गई है। आरिफ के खिलाफ 27 मुकदमे दर्ज हैं। वह जमानत पर बाहर आ गया है। इस पर पुलिस ने गैंगस्टर एक्ट के तहत कार्रवाई की। आरिफ सट्टे और जुए का बड़ा माफिया है।

Post a Comment

0 Comments