यमुना पार पानी की समस्या
उठाई, अन्य मुद्दों पर भी बात
न्यूज़ स्ट्रोक
आगरा, 23 अप्रैल। महापौर नवीन जैन ने शनिवार को लखनऊ स्थित सीएम आवास पर उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मुलाकात की। नवीन जैन ने मुख्यमंत्री को विधान सभा, विधान परिषद निकाय चुनाव में प्रचंड जीत पर बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। महापौर ने इस अवसर पर मुख्यमंत्री को आगरा शहर में पानी की समस्या से भी अवगत कराया, साथ ही यमुना पार क्षेत्र में पानी की विकराल समस्या के समाधान हेतु एक और वॉटर वर्क्स बनाये जाने की मांग की।
नवीन जैन ने मुख्यमंत्री को बताया कि वर्तमान में आगरा शहर में बिछी पाइपलाइनें काफी पुरानी हो चुकी है और पेयजल की नियमित जलापूर्ति के लिए इन पाइप लाइनों को बदलना अति आवश्यक है। इतना ही नहीं, आगरा के यमुनापार क्षेत्र में 11 वार्ड नगर निगम के आते हैं, जिनमें लगभग तीन लाख आबादी जमुना पार में रहती है। इस क्षेत्र में पानी की विकराल समस्या है। इस पूरे क्षेत्र में जीवनी मंडी वॉटर वर्क्स से पानी की सप्लाई होती है। इसके अलावा जीवनी मंडी वॉटर वर्क्स से ही शहरी क्षेत्रों में भी पानी की सप्लाई होती है। वर्तमान में भीषण गर्मी में कहीं-कहीं पर पाइप लाइन फटने की समस्या आती है तो पाइप लाइन को दुरुस्त करने के दौरान वॉटर वर्क्स से पानी की आपूर्ति बंद कर दी जाती है, जिससे यमुना पार क्षेत्र की एक बहुत बड़ी आबादी प्रभावित होती है।
नगर निगम के पानी टैंकरों द्वारा पानी सप्लाई किया जाता है, उसके बाद भी क्षेत्र में समय-समय पर पानी की समस्या रहती है। इस समस्या के स्थाई समाधान हेतु यमुना पार क्षेत्र के लिए एक अलग वॉटर वर्क्स की स्थापना अत्यंत आवश्यक है।
महापौर ने यमुना को लबालब एवं स्वच्छ व निर्मल बनाये जाने हेतु आगरा में बैराज बनाये जाने की योजना पर भी चर्चा की। शहर में पर्यटन क्षेत्र को बढ़ावा देने के लिए महापौर ने मुख्यमंत्री के समक्ष पालीवाल पार्क के विकास को लेकर भी चर्चा की। महापौर ने अपने इन मांगों को लेकर मुख्यमंत्री जी को ज्ञापन दिया।
इसके अलावा महापौर नवीन जैन ने उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य, उपमुख्यमंत्री बृजेश पाठक, जेपीएस राठौर, दयाशंकर सिंह, कपिल देव अग्रवाल आदि मंत्रियों से भी मुलाकात कर शहर के विकास हेतु विभिन्न मुद्दों पर चर्चाएं कर शिष्टाचार भेंट की।


0 Comments