यूपी बोर्ड में अच्छी राइटिंग पर एक अतिरिक्त अंक भी, मूल्यांकन शुरू




-पहली बार लिया गया फैसला, 10वीं और 12वीं क्लास की कॉपियों का मूल्यांकन शनिवार से हुआ शुरू


न्यूज़ स्ट्रोक
आगरा, 23 अप्रैल। इस बार यूपी बोर्ड की 10वीं और 12 की परीक्षाओं में यदि स्टूडेंट्स ने अच्छी राइटिंग में अपने उत्तर लिखे हैं तो उन्हें एक अतिरिक्त अंक दिया जाएगा। कॉपियोंं का मूल्यांकन शनिवार से शुरू हो गया है। यूपी बोर्ड ने पहली बार अच्छी लिखावट (जीएचडब्ल्यू) वाले छात्रों को अतिरिक्त अंक देने का फैसला किया है।
उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद (यूपीएमएसपी) यूपी बोर्ड ने कक्षा 10वीं और 12वीं परीक्षा 2022 पूरी करने के साथ ही मूल्यांकन प्रक्रिया भी शनिवार से शुरू कर दी है। आगरा समेत राज्य भर के विभिन्न जिलों में 237 मूल्यांकन केंद्र स्थापित किए गए हैं। यूपी बोर्ड द्वारा कुल 2.25 करोड़ उत्तर पुस्तिकाओं का मूल्यांकन किया जाएगा। बोर्ड ने छात्रों की उत्तर पुस्तिकाओं का निष्पक्ष मूल्यांकन सुनिश्चित करने के लिए प्रत्येक प्रधान परीक्षक और परीक्षकों को विशेष आवश्यक निर्देश जारी किए हैं। बोर्ड द्वारा बताई गई समय-सीमा के अनुसार, उत्तर पुस्तिकाओं का मूल्यांकन पांच मई 2022 तक पूरा होने की उम्मीद है और इस हिसाब से यूपी बोर्ड 15 से 18 मई 2022 तक परिणाम भी घोषित कर सकता हैं।
परीक्षकों को निर्देश दिया गया है कि यदि उन्हें लगता है कि छात्र की लिखावट बहुत अच्छी है तो वे किसी भी विषय में संबंधित छात्र द्वारा प्राप्त अंकों पर जीएचडब्ल्यू एक अंक का अंकन करके एक अंक प्रदान करें। कुल 2.25 करोड़ उत्तर पुस्तिकाओं का होगा। कक्षा 10वीं की परीक्षा के लिए 25,25,007 छात्र उपस्थित हुए थे। वहीं, कक्षा 12वीं की परीक्षा के लिए 22,50,742 उपस्थित हुए थे। 

Post a Comment

0 Comments