-क्षत्रिय सभा ने किया आमंत्रण पत्र जारी
न्यूज़ स्ट्रोक
आगरा, 05 मई। क्षत्रिय सभा, जिला आगरा के बैनर तले राष्ट्रपुरुष महाराणा प्रताप जयंती के उपलक्ष्य में 9 मई, सोमवार को दोपहर 2 बजे शहीद स्मारक, संजय प्लेस से क्षत्रिय सदन, वाटर वर्क्स तक भव्य शोभायात्रा निकाली जाएगी।
इस सम्बन्ध में गुरुवार को संजय प्लेस स्थित आहार रेस्टोरेंट में क्षत्रिय सभा द्वारा जयंती महोत्सव का आकर्षक आमंत्रण पत्र विमोचन कर जारी किया गया।
शोभा यात्रा शहीद स्मारक से घटिया, बेलनगंज, महाराणा प्रताप सर्किल जमुना किनारा, जीवनी मंडी होते हुए क्षत्रिय सदन वाटर वर्क्स पर समाप्त होगी।
इस मौके पर क्षत्रिय सभा के अध्यक्ष ठाकुर भंवर सिंह चौहान ने कहा कि राष्ट्रपुरुष महाराणा प्रताप किसी एक जाति या धर्म के नहीं, अपितु पूरे राष्ट्र के लिए शौर्य, एकता और प्रेरणा के स्रोत हैं। इसलिए उनकी विशाल और भव्य शोभा यात्रा में विभिन्न झांकियों के माध्यम से सामाजिक सद्भाव, समरसता और राष्ट्रीय सरोकारों का संदेश जन-जन को दिया जाएगा।
कार्यकारी अध्यक्ष जवाहर सिंह जादौन ने बताया कि शोभायात्रा में 21 झांकी, 21 घोड़े, 10 ऊँट और 7 बैंड भव्यता प्रदान करेंगे। शोभा यात्रा की आभा सबका मन मोह लेगी।
महामंत्री गजेंद्र सिंह परमार ने बताया कि शोभायात्रा में सामाजिक समरसता का संदेश देने के लिए अन्य राष्ट्र भक्तों की झांकियां भी निकाली जाएगी। कार्यक्रम संयोजक और पिनाहट के पूर्व ब्लाक प्रमुख सुग्रीव सिंह चौहान और क्षत्रिय सभा के जिला कोषाध्यक्ष डॉ. अनिल कुमार सिंह ने संयुक्त रूप से बताया कि शोभायात्रा में बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ, नशा मुक्ति और जल ही जीवन है सहित अनेक सामाजिक संदेश झांकियों के माध्यम से दिए जाएंगे।
शोभायात्रा से पूर्व सुबह 7.30 बजे से महाराणा प्रताप प्रतिमा स्थल जमुना किनारा पर क्षत्रिय सभा के पदाधिकारियों और समाज के क्षत्रिय बंधुओं द्वारा हवन किया जाएगा।
कई गणमान्य हस्तियां होंगी शामिल
शोभायात्रा में उत्तर प्रदेश सरकार के परिवहन मंत्री दयाशंकर सिंह, पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री ठाकुर जयवीर सिंह, बलवंत एजुकेशनल सोसाइटी के सचिव युवराज अंबरीश पाल सिंह, केंद्रीय विधि एवं न्याय राज्यमंत्री प्रोफेसर एसपी सिंह बघेल, भाजपा किसान मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष राजकुमार चाहर, जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ. मंजू भदौरिया, राष्ट्रीय महापौर परिषद के अध्यक्ष महापौर नवीन जैन, अखिल भारतीय क्षत्रिय महासभा के राष्ट्रीय अध्यक्ष व पूर्व सांसद कुंवर हरिवंश सिंह, विधायक डॉक्टर धर्मपाल सिंह और विधायक रानी पक्षालिका सिंह, सहित कई गणमान्य हस्तियाँ शामिल रहेंगी।
विमोचन में ये भी रहे शामिल..
महाराणा प्रताप जयंती महोत्सव के आमंत्रण पत्र के विमोचन समारोह में सह संयोजक बृजेश सिसौदिया, फुपुक्टा के वीरेंद्र सिंह चौहान, पूर्व अध्यक्ष विजय पाल सिंह चौहान, आर आर सिंह, आर पी सिंह जादौन, दिनेश सिंह सिकरवार, राम लखन सिंह राठौर, महानगर प्रभारी विनोद परमार, महिला जिला महामंत्री ज्योति जादौन, युवा जिलाध्यक्ष जीपी ठाकुर, पार्षद शरद चौहान प्रमुख रूप से शामिल रहे।
0 Comments