-आगरा में खेली जा रही चैम्पियनशिप में 12 प्रांतों के लगभग 80 खिलाड़ी ले रहे भाग
न्यूज़ स्ट्रोक
आगरा, 02 जुलाई। कड़ी प्रतिस्पर्धा के साथ रोमांच भी भरपूर था। एक मिनिट ही काफी था जीत और हार के लिए। 18 मीटर की दूरी से अर्जुन की तरह सटीक निशाने पर साधना था लक्ष्य। जहां प्रतिस्पर्धा के लिए एक दूसरे के सामने 12 प्रांतों के प्रतिद्वंदी खड़े थे। कुछ ऐसा ही दिलचस्प माहौल था दो दिवसीय नेशनल क्रॉसबो शूटिंग चैम्पियनशिप के पहले दिन का, जिसे इंडियन क्रॉसबो शूटिंग चैम्पियनशिप द्वारा आयोजित किया गया।
इंडियन क्रॉसबो शूटिंग चैम्पियनशिप का शनिवार को शुभारंभ हुआ। मुख्य अतिथि एयर कमोडोर एसके वर्मा ने प्रतियोगिता का उद्घाटन किया। इस अवसर पर ग्रुप कैप्टन आर. बनर्जी, स्क्वाड्रन लीडर दिव्या वाजपेयी भी मौजूद थीं।
मुख्य अतिथि एसके वर्मा ने कहा कि क्रॉसबो भारत का प्राचीन खेल है, जो आदिवासी क्षेत्रों में अभी भी देखने को मिलता है। प्रतियोगिता के माध्यम से उद्देश्य युवा पीढ़ी में इसके प्रति जागरूकता पैदा करना है।
इंडियन क्रॉसबो एसोसिएशन के अध्यक्ष और अंतरराष्ट्रीय पदक विजेता खिलाड़ी रजत विज ने बताया कि प्रतियोगिता में उप्र, मप्र, राजस्थान, पंजाब, आंध्र प्रदेश, बंगाल, तमिल, हरियाणा, तेलंगाना आदि प्रांतों के 80 से अधिक खिलाड़ी भाग ले रहे हैं। इसमें सात वर्ष से लेकर 48 वर्ष तक के खिलाड़ी हैं ।
उपाध्यक्ष हिना विज ने बताया कि आज तीन जुलाई को शाम पांच बजे पुरस्कार वितरण समारोह आयोजित किया जाएगा। इस अवसर पर एसोसिशन के सचिव परवेज जोशी, ओमप्रकाश चौधरी आदि मौजूद थे।
जब एयर कोमोडोर ने थामा क्रॉसबो
आगरा। चैम्पियनशिप का उद्घाटन करने पहुंचे एयर कोमोडोर एसके वर्मा व ग्रुप कैप्टन आर बैनर्जी ने भी क्रॉसबो से निशाना साधा। तीरंदाजी की एडवांस विधा में उनकी पत्नी व बेटी ने भी इस रोमांचकारी खेल को आजमाया और युवा पीढ़ी को प्रेरित किया।
अगली वर्ल्ड चैंपियनशिप अमेरिका में
तीरंदाजी के एडवांस वर्जन गेम क्रॉसबो में विश्व पटल पर भारत का परचम फैलाने की तैयारी है यह चैम्पियनशिप। रजत विज ने बताया कि अगले वर्ष अमेरिका में 10वीं क्रॉसबो विश्व चैम्पियनशिप होने जा रही है। उसी की तैयारी में बेहतर खिलाड़ी तैयार किए जा रहे हैं।



0 Comments