गोबर चौकी होगी अब गोल्डन चौकी


- विधायक डॉ. जीएस धर्मेश ने बैठक में रखा प्रस्ताव 
- नगर आयुक्त को नाम बदलने के दिये गए हैं निर्देश 
- जिला विकास समन्वय व निगरानी समिति की बैठक  

न्यूज़ स्ट्रोक
आगरा, 02 जुलाई । केंद्रीय विधि एवं न्याय राज्यमंत्री प्रो. एसपी सिंह बघेल की अध्यक्षता में शनिवार को विकास भवन के सभागार में जिला विकास समन्वय व निगरानी समिति (दिशा) की बैठक हुई। उन्होंने कहा कि जनपद के सर्वांगीण विकास के लिए हम सभी को मिलकर काम करना होगा। बैठक के दौरान डॉ. जीएस धर्मेश ने गोबर चौकी का नाम परिवर्तित कर गोल्डन चौकी करने को कहा, जिस पर केंद्रीय राज्यमंत्री ने नगर आयुक्त को नाम बदलने को कहा।
बैठक के दौरान मनरेगा, दीनदयाल अंत्योदय, प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना, राष्ट्रीय सामाजिक सहायता, प्रधानमंत्री आवास शहरी व ग्रामीण, स्वच्छ भारत मिशन शहरी व ग्रामीण, प्रधानमंत्री रोजगार सृजन कार्यक्रम, राष्ट्रीय ग्रामीण पेयजल, प्रधानमंत्री कृषि सिंचाई, राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन, सर्वशिक्षा अभियान, राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा सहित जनपद में संचालित सभी विकास परक योजनाओं की प्रगति को प्रोजेक्टर के माध्यम से प्रस्तुत किया गया। 
जिलाधिकारी प्रभु एन. सिंह ने एक-एक कर सभी योजनाओं की प्रगति के सम्बन्ध में समिति के सदस्य, विधायक, एमएलसी, ब्लॉक प्रमुख, नगर पालिका चेयरमैन आदि जनप्रतिनिधियों को अवगत कराया कि दीनदयाल अन्त्योदय योजना, समूह के माध्यम से नये समूहों को बनाने के साथ-साथ कोई नये कार्यों को कराया जाये, जिससे अत्यधिक समूहों के सदस्यों को रोजगार मिल सके। एमाजोन पोर्टल को बन्द करने को कहा। जेम पोर्टल पर कार्य करने के साथ सेमरा में समूह के जांच के भी निर्देश दिये। प्रधानमंत्री कौशल विकास योजना के तहत लाभार्थियों को ट्रेनिंग देने के साथ ही रोजगार मेले आयोजित कर रोजगार दिया जाये। प्रधानमंत्री रोजगार सृजन से सम्बन्धित प्राप्त होने वाले आवेदनों को निस्तारित कराने के लिए एलडीएम को कहा कि समय से सूचना भी उपलब्ध करायें। प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत बरहन में बनायी गयी सड़क का भौतिक सत्यापन करने के लिए मुख्य विकास अधिकारी को निर्देशित किया। वृद्धावस्था, विधवा, दिव्यांग, पेंशन योजना का लाभ दिलाये जाने के लिए कैम्प आयोजित कर वचिंत पात्रों को जोड़ा जाये, जिससे उन्हें योजना का लाभ मिल सके। एनआरसी में जाने वाले बच्चों के साथ उनके अभिभावकों की सुविधा का भी ख्याल रखा जाये, जिससे बच्चों को जल्दी न वापस ले जायें। प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत गड्ढा मुक्ती का कार्य वर्षा ऋतु के बाद कराएं। 
 प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) के तहत गढिय़ा लोहार (लोहा पीटा), निर्धन लोगों का लेखपाल के माध्यम से सर्वे कराकर योजना का लाभ दिया जाये। स्वच्छ भारत मिशन के तहत अत्यधिक शौचालय आदि का निर्माण कराया जाये। साफ-सफाई का विशेष ध्यान रखा जाये। डॉ. जीएस धर्मेश ने गोबर चौकी का नाम परिवर्तित कर गोल्डन चौकी करने को कहा, जिस पर केंद्रीय राज्यमंत्री ने नगर आयुक्त को नाम बदलने को कहा। पेयजल व्यवस्था ठीक करने के निर्देश दिये। कृषि विभाग को निर्देशित किया वह बैंकों से सम्पर्क कर फसल बीमा कराकर किसानों को बीमा का लाभ दिलवाया जाये। डॉ. धर्मपाल सिंह ने कहा कि विकास खंड के गांव  बांदनू में स्थित विद्यालय में बच्चों के पंजीकरण करने के लिए मना कर दिया जाता है। अध्यक्ष ने कार्यवाही करने के निर्देश दिये। बैठक में प्रदेश की कैबिनेट मंत्री बेबीरानी मौर्य, होमगार्ड एवं कारागार राज्यमंत्री धर्मवीर प्रजापति, जिला पंचायत अध्यक्ष मंजू भदौरिया, विधायक डॉ. जीएस धर्मेश, डॉ. धर्मपाल, पुरुषोत्तम खंडेलवाल, छोटेलाल वर्मा, बाबूलाल चौधरी, भगवान सिंह कुशवाहा, एमएलसी आकाश अग्रवाल, मानवेन्द्र प्रताप सिंह आदि मौजूद रहे।

Post a Comment

0 Comments