नोएडा के चिराग बने चैंपियन, आगरा के दक्ष गौतम को दोहरे खिताब


-विजय शर्मा मेमोरियल ईस्ट जोन सिलेक्शन बैडमिंटन टूर्नामेंट का हुआ समापन
-मिक्स्ड डबल्स अंडर-19 में आगरा के दक्ष गौतम और बस्ती की शिवांगी रहीं विजेता 
- बॉयज अंडर-19 डबल्स में आगरा के दक्ष गौतम और मेरठ के उज्जवल विजेता      
-ओपन मिक्स्ड डबल में आगरा के आयुष अग्रवाल और गाजियाबाद की माही चैंपियन                                                                                                                       

न्यूज़ स्ट्रोक
आगरा, 03 जुलाई
। उत्तर प्रदेश के सबसे बड़े एक लाख की इनामी राशि वाले बैडमिंटन टूर्नामेंट विजय शर्मा मेमोरियल ईस्ट जोन सिलेक्शन टूर्नामेंट में रविवार को फाइनल मुकाबले खेले गए। बॉयज-19 सिंगल के मुकाबले में नोएडा के नीर नेहवाल चैंपियन बने तो पुरुष एकल में नोएडा के ही चिराग सेठ ने ट्रॉफी पर कब्जा किया। आगरा के दक्ष गौतम ने दोहरे खिताब जीते।
एकलव्य स्पोर्ट्स स्टेडियम में 30 जून से तीन जुलाई तक खेले गए इस टूर्नामेंट के फाइनल मैच उलटफेर भरे रहे। अंडर-19 बॉय सिंगल के फाइनल में नोएडा के नीर नेहवाल ने नोएडा के हर्षित तोमर को 21-19 21-10 से हराया। वहीं पुरुष एकल के खिताबी मुकाबले में नोएडा के चिराग सेठ ने प्रयागराज के प्रतीक श्रीवास्तव को 21-11 21-18 से शिकस्त दी। मैंस डबल्स के फाइनल में सिद्धार्थ सालार और सिद्धार्थ मिश्रा की जोड़ी ने सहारनपुर के चंद्र भूषण त्रिपाठी और कपिल चौधरी को हराकर ट्रॉफी पर कब्जा कर लिया।
बालिका वर्ग अंडर-19 के डबल्स में बस्ती की शिवांगी सिंह और तनीषा सिंह ने गोरखपुर और लखनऊ की आदित्या यादव और नेहल नीरू मित्तल को 21-17 21-13 से हराकर खिताब पर कब्जा कर लिया। महिला ओपन वर्ग में लखनऊ की समृद्धि सिंह और नोएडा की सोनाली सिंह ने गाजियाबाद और प्रयागराज की माही नरेश और मयूरी यादव को 21-13 21-15 से हराकर ट्रॉफी पर कब्जा किया।

आगरा के खिलाड़ियों का प्रदर्शन कमाल
का रहा और उन्होंने तीन खिताब जीते
टूर्नामेंट में आगरा के खिलाड़ियों का प्रदर्शन भी अच्छा रहा। अंडर-19 डबल्स में आगरा के दक्ष गौतम व मेरठ के उज्ज्वल ने मुजफ्फरनगर के शशांक और बरेली के उज्ज्वल तोमर की जोड़ी को 21-17, 21-18 से हराकर टूर्नामेंट अपने नाम किया। मिक्स डबल्स अंडर-19 फाइनल में आगरा के दक्ष गौतम और बस्ती की शिवांगी सिंह ने गोरखपुर के शिवम श्रीवास्तव व आदित्या यादव की जोड़ी को 21-19, 21-17 से हराया। ओपन मिक्स डबल्स में आगरा के आयुष अग्रवाल और गाजियाबाद की माही नरेश ने नोएडा के अभिनव शर्मा और रिद्धिमा सिंह को 21-18, 21-18 से हराया।
आगरा के सांसद और केंद्रीय कानून एवं न्याय राज्यमंत्री एसपी सिंह बघेल, विधायक राजेश्वर सिंह, उत्तर प्रदेश के खेल निदेशक व हाकी खिलाड़ी आरपी सिंह, उत्तर प्रदेश बैडमिंटन संघ के महासचिव सुधर्मा सिंह, आयोजन समिति की अध्यक्ष बीना लवांनिया, दिल्ली के जीएसटी कमिश्नर संजय लवांनिया, प्रवीण अग्रवाल, ललितपुर के डिस्ट्रिक्ट जज महेश नौटियाल ने पुरस्कार प्रदान किए। 
अंडर-19 और ओपन वर्ग में महिला पुरुष युगल खिलाडिय़ों का उत्तर प्रदेश की टीम मेंं चयन भी किया गया। सलेक्शन कमेटी द्वारा चयनित टीम अब नेशनल में प्रतिभाग करेंगी।
टूर्नामेंट में एक लाख की अब तक की सबसे बड़ी धनराशि पुरस्कार स्वरूप खिलाडिय़ों को वितरित की गई। आगरा बैडमिंटन एसोसिएशन के अध्यक्ष विनोद सीतलानी, सचिव राहुल पालीवाल, कोषाध्यक्ष आसिफ अली, मनीष गुडवानी, राहुल गोगिया, दिनकर खनूजा, पवन मंगल, राजीव यादव, यश मेहता, कृष्ण गोयल, एमपी भल्ला, अनुपम सक्सेना आदि मौजूद रहे। समापन समारोह पुरस्कार वितरण का संचालन राहुल पालीवाल ने किया।

Post a Comment

0 Comments