न्यूज़ स्ट्रोक
आगरा, 06 जुलाई । थाना सिकंदरा क्षेत्र की आवास विकास कॉलोनी के सेक्टर 10 में आज सुबह उस समय सनसनी फैल गई जब एक परिवार के तीन सदस्यों सोनू शर्मा पुत्र रणधीर शर्मा, उसकी पत्नी गीता और आठ साल की बेटी सृष्टि के शव घर में फंदे पर लटके मिले। घर में अब 10 साल का बेटा श्याम बचा है। इस दर्दनाक घटना की जानकारी मिलते ही आगरा रेंज के आईजी नचिकेत झा और एसएसपी प्रभाकर चौधरी मौके पर पहुंच गए।
पुलिस को मौके से एक सुसाइड नोट मिला है, जिसमें आत्महत्या का कारण बेरोजगारी से आई आर्थिक तंगी बताया है। सवाल यह भी है कि अगर सोनू और गीता ने आत्महत्या की है तो बेटी की मौत कैसे हुई ? क्या बेटी को फांसी के फंदे पर लटकाने के बाद उन दोनों ने एक साथ आत्म हत्या की? सवाल कई हैं, जवाब जांच के बाद ही पता चलेगा। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया है।
आत्महत्या से पहले आपसी सहमति बनाई
परिवार में बचे श्याम ने बताया कि रात को मम्मी, पापा, बहन और उसकी आत्महत्या को लेकर आपस में बात हुई थी। पिता ने कहा था कि आर्थिक तंगी है। सभी लोग आत्महत्या करेंगे। इस पर श्याम ने आत्महत्या से इनकार कर दिया, जिसके बाद मम्मी, पापा और सृष्टी ने फांसी लगाकर जान दे दी। श्याम ने यह सारी बातें पुलिस को बताई हैं।
बता दें कि कॉलोनी के मकान नंबर-1046 में सोनू अपनी पत्नी गीता, बेटी और बेटे के साथ रहता था। बताया गया है कि मंगलवार रात को पूरा परिवार एक ही कमरे में साथ सोया था।
सोनू की मां का कहना है कि मंगलवार की शाम को 7:00 बजे बेटी सृष्टि नीचे उतर के आई थी। दूध लेकर चली गई। इसके बाद कोई नीचे नहीं आया। बुधवार की सुबह 7:00 बजे बेटा श्याम नीचे उतर के आया। तभी बुआ बीनू आई थी। उससे ऊपर से कुछ सामान लाने के लिए बोला, लेकिन वह जा नहीं रहा था। इस पर से पूछा तो उसने कहा कि सभी लटक रहे हैं। तब परिवार को घटना की जानकारी हो सकी। परिवार के लोग ऊपर पहुंचे शवों को देखकर चीख पड़े।
मृतक दंपति के बेटे ने घटना की जानकारी फोन कर अपने मामा विजय कश्यप को दी। विजय कश्यप ने पुलिस को जानकारी दी। पुलिस ने शव को फंदे से नीचे उतारा। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है।
घटना से हर कोई हैरानथाना सिकंदरा क्षेत्र में 3 लोगों द्वारा की गई आत्महत्या के सम्बंध में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक, आगरा द्वारा दी गई बाइट।@Uppolice pic.twitter.com/kumiWfhVsl
— AGRA POLICE (@agrapolice) July 6, 2022
दंपति और उनकी बेटी की मौत से मोहल्ले के लोग स्तब्ध हैं। हर किसी के जहन में यह सवाल है कि आखिर कैसे तीनों की मौत हुई है। बेटे का रो-रोकर बुरा हाल है। मौके पर डॉग स्क्वायड को बुलाया गया है। घटनास्थल पर गहनता से जांच की जा रही है।
15 साल पहले किया था प्रेम
विवाह,अब थी आर्थिक तंगी
दोनों ने 15 साल पहले प्रेम विवाह किया था। सोनू एक फैक्टरी में काम करता था, लेकिन छह साल पहले उसका एक्सीडेंट हो गया, जिससे काम छूट गया था। बताया जा रहा है कि परिवार आर्थिक तंगी से जूझ रहा था। ठीक होने के बाद पिता की ट्रक बॉडी बनाने की दुकान पर काम करने लगा। दो साल से लॉकडाउन होने पर सोनू ने काम करना बंद कर दिया। घर में ही रहता था। भूतल पर मां-बाप, प्रथम तल पर उसका भाई और द्वितीय तल पर घर में सोनू का परिवार रहता था। काम नहीं करने पर उसके बच्चों की पढ़ाई भी छूट गई थी। जो भी खर्चा होता था, वह मां बाप ही उठाते थे। सभी खर्च राशन से चलता था।
लोगों ने बताया कि इसको लेकर पति-पत्नी के बीच विवाद होता रहता था। माना जा रहा है कि मंगलवार को भी दोनों के बीच कोई विवाद हुआ हो। इसके बाद ही ये घातक कदम उठाया गया।




1 Comments
जिंदाबाद उपाध्याय जी सही समाचार लिखने के लिए
ReplyDelete