ऑफिस में बैठे बिल्डर को गोली मारी



-बिल्डर को दो गोलियां लगीं, हालत गंभीर
घटना के पीछे जमीन का विवाद, एक हिरासत में 

न्यूज़ स्ट्रोक 
आगरा, 14 जुलाई । ताजनगरी को किसी की नजर लग गई है। लगातार अपराधिक घटनाएं होना शुरू हो गई हैं। बुधवार को दिन में दो बड़ी घटना हुई थीं। दीवानी से कैदी भागने के बाद एत्मादुद्दौला से बालिका का अपहरण हुआ। बच्ची को जिंदा ही दफना दिया गया और अब गुरुवार को जगदीशपुरा में बिल्डर को उसके ऑफिस में ही गोली मार दी गई। उस पर तीन गोली दागी गईं। बिल्डर को दो गोलियां लगी हैं। गोली मारने के बाद आरोपी फरार हो गए। घायल बिल्डर को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उनकी हालत गंभीर बताई गई है। घटना के पीछे जमीन का विवाद सामने आया है। पुलिस ने एक आरोपी को हिरासत में लिया है। 
थाना जगदीशपुरा क्षेत्र के बोदला चौराहे के पास स्थित एक मॉल में बिल्डर राजीव गुप्ता का कार्यालय है। बताया जा रहा है कि दोपहर में उनसे कुछ लोग मिलने आए थे। उक्त लोगों का बिल्डर से जमीन को लेकर विवाद चल रहा है। शाम को करीब चार बजे बिल्डर को गोलियां मार दी गईं। आवास सुनकर आसपास के लोग जब कार्यालय में पहुंचे तो राजीव गुप्ता खून से लथपथ जमीन पर पड़े थे। लोगों ने घटना की सूचना पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने घायल बिल्डर को अस्पताल में भर्ती कराया है। 
जानकारी मिलने पर घायल बिल्डर के परिजन अस्पताल पहुंच गए। पुलिस के आला अधिकारी भी पहुंच गए। पुलिस ने घायल के परिजनों से घटना के संबंध जानकारी ली। बताया जा रहा है कि बिल्डर राजीव गुप्ता को पहले ही धमकी मिल चुकी थी। उसका जमीन को लेकर विवाद चल रहा था। आरोप क्षेत्र के चर्चित व्यक्ति अशोक तोमर पर है। उसकी चौकी के पास से मिठाई की दुकान भी है। तत्कालीन एसएसपी अमित पाठक ने उस पर शिकंजा कसा था, वरना क्षेत्र में आए दिन के विवादों में उसका नाम सामने आता था। फिलहाल परिजनों ने अभी पुलिस को तहरीर नहीं दी है, तहरीर मिलने के बाद ही पुलिस पूरी घटना के बारे में स्पष्ट जानकारी देने की कह रही है। एसपी सिटी विकास कुमार सहित कई थानों का फोर्स मौके पर है। जानकारी में आया है कि पूरी घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। बिल्डर के परिजनों के पास सिफारिश फोन भी आना शुरू हो गए हैंं। कुछ लोगों का यह भी कहना है कि अशोक तोमर और राजीव गुप्ता मिलकर जमीनों का काम करते थे। एक ४५ गज के टुकड़े को लेकर दोनों में ठनी हुई थी। बहुत सी बातें अभी सामने आना बाकी है। पुलिस अभी परिजनों से जानकारी जुटा रही है। 

Post a Comment

0 Comments