- आगरा के जाने माने और विशेषज्ञ डॉक्टर्स ने रखे अपने विचार
न्यूज़ स्ट्रोक
आगरा, 04 अगस्त । गर्भावस्था में होने वाली कई तरह की समस्याओं, उनके लक्षण, बचाव और उपचार पर आगरा ऑब्स एंड गायनी सोसायटी की एक कार्यशाला गुरुवार को फतेहाबाद रोड स्थित अमर होटल में हुई। पाॅलिसिस्टिक ओवेरियन डिजीज (पीसीओडी) में खान-पान से जुड़ी चुनौतियों पर जानकारी देते हुए पोषण सलाहकार रचना अग्रवाल ने बताया कि महिलाओं को अपने खान पान पर विशेष ध्यान देना चाहिए। वजन कम रखने की कोशिश करनी चाहिए। प्रोटीन, सब्जियों का अधिक सेवन करना चाहिए। जबकि जंक फूड, तली, भुनी चीजें अधिक कैलोरी वाली चीजें सेहत को नुकसान पहुंचाती हैं।
दूसरे सत्र में डाॅ. कैलाश विश्वानी ने प्रेग्नेंसी में काॅन्स्टीपेशन विषय पर जानकारी देते हुए कहा कि गर्भावस्था में महिलाओं को कई तरह की समस्याओं का सामना करना पड़ता है, जिसमें काॅन्स्टीपेशन भी शामिल है। पाचन तंत्र कमजोर हो जाता है। ऐसे में फाइबर युक्त भोजन करना चाहिए। फल, सलाद, आलू, दलिया इन सभी में फाइबर की मात्रा अधिक होती है जो भोजन को अच्छी तरह पचाने में मदद करता है। नियमित रूप से पानी पीना चाहिए। सब्जी और दाल का सूप, जूस आदि का सेवन करना चाहिए। बिना चिकित्सक की सलाह के दवा नहीं लेनी चाहिए और चिकित्सक की सलाह से ही हल्का व्यायाम करना चाहिए।
तीसरे सत्र में डाॅ. तनवीर ने प्रेग्नेंसी में यूटीआई के मैनेजमेंट पर जानकारी दी। इस सत्र की अध्यक्षता प्रो. संध्या अग्रवाल, डाॅ. तनवीर ने की।
एओजीएस कीं अध्यक्ष डाॅ. आरती मनोज ने बताया कि कार्यशाला के सभी विषय प्रेग्नेंसी के दौरान संभावित दिक्कतों से जुडे़ थे। विशेषज्ञों ने इस पर आपसी ज्ञान को साझा किया।सचिव डाॅ. सविता त्यागी ने बताया कि पीसीओएस एक हार्मोनल बीमारी है जो महिलाओं को होती है। इस बीमारी के लक्षण लाइफ स्टाइल और खानपान में बदलाव कर कम किए जा सकते हैं।
एक पैनल डिस्कशन हुआ जिसमें प्रो. सरोज सिंह, डाॅ. तनवीर, डाॅ. रेखा रानी, डाॅ. सोनल गुप्ता, डाॅ. विजय त्यागी ने चर्चा की। मध्यस्थता डाॅ. आरती मनोज और डाॅ. मीनल जैन ने की। डाॅ. भावना सिंह और डाॅ. महिमा उपाध्याय ने अतिथियों का स्वागत किया।
0 Comments