Image

फिरोजाबाद के अनिरुद्ध और निधि बने फर्राटा चैंपियन



👉 मंडल स्तरीय ग्रामीण खेल प्रतियोगिता में खिलाड़ियों ने खूब दिखाया दम


न्यूज़ स्ट्रोक

आगरा, 18 सितम्बर। युवा कल्याण एवं प्रादेशिक विकास दल विभाग द्वारा आयोजित मंडल स्तरीय ग्रामीण खेल प्रतियोगिता का आयोजन एकलव्य स्पोर्टस स्टेडियम आगरा में किया गया। प्रतियोगिता के समापन में मुख्य अतिथि केंद्रीय कानून एवं न्याय राज्यमंत्री प्रो. एसपी सिंह बघेल रहे।
मुख्य अतिथि ने विजेता खिलाड़ियों को पुरस्कार वितरित किए। प्रो. बघेल ने  वॉलीबॉल खिलाड़ियों के साथ मैच खेल कर उनका उत्साहवर्धन भी किया। खिलाड़ियों को संबोधित करते हुए उन्होंने खेल को खेल भावना से खेलने एवं जोन एवं राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने की शुभकामनाएं दीं। कार्यक्रम के दौरान जिला ओलंपिक संघ के सचिव राहुल पालीवाल, रीनेश मित्तल,  हृदय नारायण शर्मा, कमलेश जाटव, अनुपम पांडेय, अनुराग दीक्षित उपस्थित रहे। 
प्रतियोगिता के निर्णायक मंडल में हरदीप सिंह हीरा, शकील, सुभाष, नेत्रपाल सिंह, केपी सिंह एवं उनकी टीम शामिल रही। प्रतियोगिता के आयोजन में  प्रेमप्रताप सिंह,  पुनीत कुमार, रवि अरेला, अनुराग सिंह, सुरेश प्रताप सिंह क्षेत्रीय युवा कल्याण अधिकारी द्वारा सहयोग प्रदान किया गया।
प्रतियोगिता में जनपद आगरा, मथुरा, फिरोजाबाद एवं मैनपुरी के खिलाडिय़ों  द्वारा प्रतिभाग किया गया।इससे पूर्व प्रतियोगिता का शुभारम्भ जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ. मन्जू भदौरिया ने गुब्बारे उड़ा कर किया। इस अवसर पर मुख्य अतिथि का स्वागत जयपाल सिंह सागर जिला युवा कल्याण अधिकारी आगरा ने किया। विशिष्ट अतिथि में आदित्य कुमार उपनिदेशक, युवा कल्याण का स्वागत सुदर्शन सिंह सोलंकी क्षेत्रीस युवा कल्याण अधिकारी द्वारा बुके भेंट कर किया गया। मुख्य अतिथि द्वारा प्रतिभागियों को खेल भावना की शपथ दिलाते हुए प्रतियोगिता शुभारम्भ की घोषणा की गयी थी।



यह रहे विभिन्न स्पर्धाओं के विजेता
100 मीटर दौड़ में फिरोजाबाद के अनिरुद्ध विजेता रहे, मथुरा के विवेक दूसरे और आगरा के सत्यवीर सिंह तीसरे स्थान पर रहे। 200 मीटर दौड़ मथुरा के संतोष ने जीती। 400 मीटर दौड़ आगरा के मोनू ने, 800 मीटर आगरा के चरण सिंह ने, 1500 मीटर दौड़ मथुरा के राम लखन ने, 3000 मीटर दौड़ मथुरा के केशव कुमार ने जीती। महिला वर्ग की 100 मीटर दौड़ फिरोजाबाद की निधि ने और 200 मीटर दौड़ फिरोजाबाद की मनोरमा सिकरवार ने जीती। 400 मीटर दौड़ मथुरा की अंजलि ने और 800 मीटर मथुरा की काजल ने जीती। 150 मीटर मथुरा की रंजना चौधरी ने और 3000 मीटर दौड़ भी मथुरा की रंजना ने जीती।
लंबी कूद में आगरा के राघवेंद्र और महिला वर्ग में फिरोजाबाद की निधि विजेता रहे। भाला फेंक में आगरा के धर्मेंद्र वर्मा और महिला वर्ग में फिरोजाबाद की अनुष्का ने बाजी मारी। लंबी कूद पुरुष वर्ग में फिरोजाबाद के शिवम और फिरोजाबाद की नीरू महिला वर्ग में विजेता रही।
कबड्डी पुरुष वर्ग  में आगरा विजेता और फिरोजाबाद उपविजेता रहा। वहीं महिला वर्ग में मथुरा विजेता और आगरा और उपविजेता रहा। वॉलीबॉल पुरुष वर्ग में मथुरा चैंपियन बना, आगरा दूसरे स्थान पर रहा। वहीं महिला वर्ग में आगरा ने बाजी मारी। मैनपुरी दूसरे स्थान पर रहा।

Post a Comment

0 Comments