Image

आगरा: सुबह जाम ने तो रात में कोहरे ने किया परेशान, जनपद में शीत लहर शुरू





- सिकंदरा मार्ग पर दो किमी लंबा जाम, पुलिस के पसीने छूटे
- यमुना किनारा मार्ग पर भी जाम से जूझते रहे वाहन चालक


आगरा, 01 जनवरी। दिन में जाम ने और शाम को कोहरे ने किया परेशान। ताज नगरी में यही हालात रहे नई साल 2023 के पहले दिन।शहर के सभी स्मारकों के आस-पास की सड़कों पर घंटों फंसे रहे वाहन। इसके बाद शाम से कोहरे ने पूरे शहर को अपने आगोश में ले लिया। रात में बहन रेंग-रेंग कर चलते रहे।
महानगर में लोगों को नए साल पर जाम के झाम से जूझना पड़ा। जाम भी थोड़ा-बहुत नहीं, करीब दो-दो किलोमीटर तक रहा। जाम से लोग बुरी तरह परेशान रहे। यूं तो सुबह से ही कई मार्गों पर जाम की स्थिति बनी रही लेकिन दोपहर के बाद से आगरा-मथुरा हाईवे पर भीषण जाम लग गया। सबसे ज्यादा बुरी स्थिति गुरुद्वारा गुरु का ताल चौराहे से सिकंदरा चौराहे तक रही। यहां कई घंटे से लोग जाम से जूझते रहे। यातायात पुलिस द्वारा लगातार जाम को खुलवाने की कोशिश की गई लेकिन कामयाबी नहीं मिली, ऐसे में जाम धीरे-धीरे दो किलोमीटर तक चला गया। इस जाम के चलते एक ओर खंदारी बाईपास चौराहे तक तो दूसरी ओर गुरुद्वारा फ्लाईओवर से कैलाश पुरी, मदिया कटरा तक जाम रहा।



यमुना किनारा मार्ग पर भी सुबह से भीषण जाम लगा रहा। हाथीघाट से वाटर वर्क्स जाने वाले मार्ग पर सुबह से वाहन चालक जाम से जूझते रहे। जीवनी मंडी स्थित खाटू श्याम मंदिर में सुबह से ही लोगों की भारी भीड़ उमड़ी। इसके कारण इस सड़क पर काफी जाम रहा। इसके अलावा पुराना शहर जैसे दरेसी, रावतपाड़ा, शाहगंज आदि क्षेत्रों में भी जाम में वाहन फंस गए। सिकंदरा से बोदला जाने वाले मार्ग की भी लगभग यही स्थिति रही।
 इसके बाद जैसे-जैसे दिन बीतने लगा, कोहरा छा गया। शाम 7:00 बजे के बाद कोहरा बढ़ता गया। वाहनों की रफ्तार हाईवे से लेकर रिहायशी इलाकों में थमने लगी। सर्दी के इस मौसम में नए साल के पहले दिन यानी कल रविवार शाम से रात तक सर्वाधिक कोहरा छाया।
इससे पूर्व रविवार को सुबह भी घना कोहरा छाया रहा। पर्यटक जब ताजमहल के अंदर पहुंचे तो रायल गेट से कोहरा ही कोहरा दिखाई दिया। ताजमहल कोहरे की चादर के बीच गायब हो गया। करीब दो घंटे तक ऐसे ही हालात रहे। इसके बाद हल्की धूप निकलने से ताजमहल दिखाई दिया। पर्यटकों को ताजमहल देखने के लिए इंतजार करना पड़ा। मेहताब बाग से भी ताजमहल दिखाई नहीं दिया। घना कोहरे के चलते यमुना और लखनऊ एक्सप्रेस-वे पर वाहनों की रफ्तार थम गई। दृश्यता कम होने के कारण वाहन चालकों को दिन में लाइट जलानी पड़ी। दृश्यता करीब 200 मीटर रही। मौसम विभाग का अनुमान है कि 7 जनवरी तक सुबह कोहरा छाएगा। तापमान भी 6 डिग्री तक रहेगा।



Post a Comment

0 Comments