डब्ल्यूपीएल : हेमलता काला दिल्ली कैपिटल्स की सहायक कोच बनीं



न्यूज़ स्ट्रोक
आगरा/नई दिल्ली, 11 फरवरी। भारतीय महिला क्रिकेट टीम की पूर्व सदस्य और आगरा निवासी हेमलता काला महिला प्रीमियर लीग ( डब्ल्यूपीएल) में दिल्ली कैपिटल्स की सहायक कोच बनाई गई हैं। फ्रेंचाइजी ने शनिवार को इसकी घोषणा की। इसके अलावा महिला प्रीमियर लीग के इस उद्घाटन सीजन में जोनाथन बैटी को अपनी टीम का मुख्य कोच नियुक्त किया गया है। प्रतियोगिता ब्रेबोर्न स्टेडियम और मुंबई में डीवाई पाटिल स्टेडियम में 4 से 26 मार्च के बीच आयोजित की जाएगाी। हेमलता काला के साथ लिसा केटली को भी सहायक कोच नियुक्त किया गया है। भारतीय महिला टीम के क्षेत्ररक्षण कोच के रूप में सफल कार्यकाल रखने वाले बीजू जॉर्ज को टीम के क्षेत्ररक्षण कोच के रूप में नामित किया गया है। 
हेमलता काला की उपलब्धियां
47 वर्षीय हेमलता काला ने सात टेस्ट और 78 एकदिवसीय मैचों में भारत का प्रतिनिधित्व किया है। अपने समय में वह टीम की प्रमुख सदस्य रहीं और कई अवसरों पर भारतीय टीम की जीत में अहम योगदान दिया। 
हेमलता काला राष्ट्रीय चयन पैनल की प्रमुख भी रही हैं। मुख्य चयनकर्ता के रूप में उनके कार्यकाल के दौरान भारत 2017 में महिला वनडे विश्व कप के फाइनल में पहुंचा, जो भारत में महिलाओं के खेल के लिए लाभ दायक साबित हुआ।
हेमलता काला ने कहा कि मैं दिल्ली कैपिटल्स के साथ इस नई भूमिका के लिए आभारी और उत्साहित हूं। मैं टूर्नामेंट के उद्घाटन संस्करण से पहले अपने दस्ते को एक साथ रखने के लिए उत्सुक हूं, जो मुझे विश्वास है कि महिला क्रिकेट के लिए गेम-चेंजर होगा।
महिला प्रीमियर लीग की उद्घाटन की नीलामी 13 फरवरी को मुंबई में होगी। 409 खिलाड़ी नीलामी के दायरे में आएंगे, जिनमें से 246 भारतीय और 163 विदेशी खिलाड़ी हैं, जिनमें आठ सहयोगी देशों के खिलाड़ी हैं।
हेमलता काला के महिला प्रीमियर लीग में दिल्ली कैपिटल्स का सहायक कोच बनाए जाने पर डिस्ट्रिक्ट क्रिकेट एसोसिएशन के सचिव प्रकाश कौशल, पूर्व रणजी खिलाड़ी सर्वेश भटनागर, समीर चतुर्वेदी, मधुसूदन मिश्रा, रमन दीक्षित, सपन डे, अतुल सोलंकी, ख्वाजा निशात हुसैन, मुईन बाबूजी, प्रवेश भारद्वाज, मोहम्मद सद्दीक, परवेंद्र यादव, अशोक रजौरा, असीम पाल, प्रवीन शर्मा, वकार अहमद आदि ने बधाई दी।

Post a Comment

0 Comments