बेटे ने तलाकशुदा पत्नी के
साथ मिलकर मां से छीन लिया
उसका मकान
मुकेश उपाध्याय
आगरा। एक अजीबोगरीब मामले में कलयुगी पुत्र ने अपनी तलाकशुदा पत्नी व उसके दूसरे पति के साथ मिलकर 75 वर्षीय अपनी बूढ़ी मां के खिलाफ षड्यंत्र रचकर मकान कब्जा लिया। वृद्धा को उसकी छोटी बेटी ने अपने घर मे शरण दी है। श्रद्धा का पति एन आर आई है जो 48 साल से विदेश में है।
इस पूरे मामले को लेकर वृद्धा ने मुख्यमंत्री पोर्टल सहित वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक को प्रार्थना पत्र देकर मदद की गुहार लगाई है।मामला थाना सदर बाजार के अंतर्गत शहीद नगर कॉलोनी का है। वृद्धा माजदा राना खान (75) पत्नी रियाजतुल्लाखान निवासी एमआईजी 109 ग्रीन पार्क की रहने वाली है। उसके दो बेटियां व एक बेटा है। दोनो बेटियों की शादी हो चुकी है। उसके पुत्र रफतउल्लाह खान का विवाह 2012 को तब्बसुम फातिमा के साथ हुआ था। वृद्धा के अनुसार उसकी पुत्रवधु तब्बसुम ने घर में आते ही अपने रंग ढंग दिखाने शुरू कर दिए। दो वक्त का खाना भी सास को समय पर नही दिया जाता था। वृद्धा का आरोप है कि उसकी पुत्रवधु का व्यवहार उसके बेटे यानि पति के साथ भी अच्छा नहीं रहा। तब्बसुम ने एक बेटी को भी जन्म दिया। इसके बाद भी आए दिन गृह क्लेश के चलते पति-पत्नी के बीच मनमुटाव बढ़ता गया और दोनों के बीच तलाक हो गया।
वृद्धा के अनुसार बीते तीन जुलाई 2021को तब्बसुम ट्रक लेकर आयी और अपने दहेज का सारा सामान मायके ले गई। कुछ समय बाद पता चला कि उसने न्यू आगरा अब्बूलाला दरगाह के पास रहने वाले रहीस खान से दूसरा निकाह कर लिया है। वृद्धा का आरोप है कि इसी महीने यानि एक अक्टूबर को शाम करीब 3-4 बजे दोपहर के समय तब्बसुम अपने दूसरे पति रहीस खान व उसके बेटे रफत उल्लाह के साथ कुछ सामान लेकर उसके घर आ धमकी और जबरन घर मे कब्जा कर लिया। विरोध करने पर वृद्धा के साथ धक्का मुक्की व गाली गलौच की गई। साथ ही रात में गला दबाकर जान से मारने की धमकी दी गई। इससे वह बुरी तरह डर गई और पूरी रात दहशत में रही। अगले दिन 2 अक्टूबर को सुबह करीब 11:30 बजे पुत्र के घर से निकलते ही तब्बसुम व उसके कथित पति रहीस खान ने वृद्धा से मारपीट कर उसे घर से निकाल दिया। वृद्धा ने शहीद नगर निवासी अपनी छोटी बेटी के घर मे शरण ली है। वृद्धा का कहना है कि उसके पति एनआरआई है और पिछले 48 वर्षों से विदेश में रह रहे है। घटना में पति की भी सहमति है।
इस संबंध में पीड़ित वृद्धा ने मुख्यमंत्री शिकायत पोर्टल पर प्रार्थना पत्र देकर शिकायत दर्ज कराई है साथ ही वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मुनिराज से मुलाकात कर न्याय की गुहार लगाई है।

0 Comments