यहां कोई टीम नहीं, क्रिकेट
और इसका आनंद जीतता है
| विजेता टीम के खिलाड़ी ट्रॉफी के साथ |
👍लक्ष्मीकांत बाबा इलेवन भारी पड़ी पोदी कप्तान इलेवन पर
न्यूज़ स्ट्रोक
आगरा। यह आगरा है जनाब। मोहब्बत की नगरी आगरा। यहां बहुत कुछ ऐसा होता है जो अनोखा होता है। उत्तर प्रदेश में अपनी तरह का एकमात्र ऐसा क्रिकेट मैच आगरा में होता है, जो सिर्फ मैदान पर ही नहीं खेला जाता। यह खेला जाता है दिलों में भी।
एक टीम का गेंदबाज जब दूसरी टीम के बल्लेबाज को गेंद फेंकता है तो विकेट लेने पर तो उसे खुशी होती ही है लेकिन जब बल्लेबाज कोई शानदार शॉट उसकी गेंद पर लगाता है तो वह गेंदबाज ही उसकी ताली बजाकर तारीफ करता है। पूरी टीम शाबाशी देती है। इसी तरह गेंदबाज जब विकेट लेता है तो बल्लेबाजी करने वाली टीम भी उसकी गेंद की तारीफ करती है।
क्यों है ना अनूठा। न टीम को हार जीत से मतलब होता है और ना दर्शकों को। यहां सिर्फ खेल की तारीफ होती है। मुफीद ए आम इंटर कॉलेज आगरा के ग्राउंड पर कल भी एक ऐसा ही मैच खेला गया। वार्षिक रूप से खेला जाने वाले इस मैच में अपने समय के शहर और शहर के बाहर के दिग्गज क्रिकेटरों का जमावड़ा होता है। काफी क्रिकेटर ऐसे होते हैं जो दूसरे शहर में रहने के बावजूद यहां खेलने के लिए या इस मैच और इसके माहौल का आनंद लेने के लिए आते हैं। 50 प्लस से लेकर 60 और 65 साल तक के खिलाड़ी इसमें खेलते दिखाई देते हैं। ये वो खिलाड़ी होते हैं जिन्होंने अपने समय में सिर्फ आगरा ही नहीं, देश के कोने-कोने में क्रिकेट की धूम मचाई।
इस बार यह मैच सीडीएस जनरल बिपिन रावत और आगरा के विंग कमांडर पृथ्वी सिंह चौहान की स्मृति में खेला गया। बेनिस कप ( एसएस श्रीवास्तव मेमोरियल टूर्नामेंट) में आमने-सामने थे लक्ष्मीकांत बाबा एकादश और पोदी कप्तान एकादश।
मैच का शुभारंभ मेयर नवीन जैन ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर किया। पोदी कप्तान इलेवन के कप्तान पूर्व रणजी खिलाड़ी राजेंद्र सिंह हंस ने टॉस जीता और पहले बल्लेबाजी का फैसला किया। विपक्षी टीम के कप्तान थे समीर चतुर्वेदी। दोनों ही नॉन प्लेइंग कप्तान। पोदी एकादश ने निर्धारित 20 ओवर में 150 रन बनाए। इसमें सर्वेश भटनागर ने बेहतरीन 69 रन की पारी खेली। आशुतोष ने 14 और राजू ने 13 रन बनाए। लक्ष्मीकांत एकादश की ओर से संजीव, बॉबी और मनोहर ने दो-दो विकेट लिए।
जवाब में बल्लेबाजी करने उतरी लक्ष्मीकांत बाबा एकादश ने यह मैच 6 विकेट से जीत लिया। अजय कदम ने तेजतर्रार 42 रन बनाए। जुबेर ने 23 और मधुसूदन मिश्रा ने 14 रन का योगदान दिया। पोदी एकादश की ओर से श्रीवास्तव और राजीव ने दो-दो विकेट लिए।
विनर टीम को चमचमाती विजेता ट्रॉफी भारत भूषण गप्पी, वरिष्ठ पत्रकार अशोक गुप्ता और मुफीद ए आम इंटर कॉलेज के प्रधानाचार्य विशाल मलिक ने प्रदान की। सर्वेश भटनागर बेस्ट बल्लेबाज घोषित हुए। अन्य पुरस्कार एवं स्मृति चिन्ह वरिष्ठ क्रिकेटरों ने भी प्रदान किए।
यह रहे मौजूद
इस अवसर पर प्रेम सागर चड्ढा, ओम सेठ, विजय कपूर, अशोक शर्मा, राम मोहन कपूर, एनके यादव, बलदेव भटनागर, मनजीत सिंह, सपन डे, रमन दीक्षित, तजिंदर सिंह, पार्षद रवि शर्मा, मनोज बोहरा, अतुल महाजन, पिंटू शिवहरे, सरोज अवस्थी, संजय तिवारी, अशोक सिंह, मुकेश उपाध्याय, देवेश जैसवाल, सुकेश शर्मा, वकार अहमद, असीम पाल, प्रवीन शर्मा,
धीरज शर्मा, इकराम हुसैन, अतुल सोलंकी, राहुल प्रजापति, दीपक गुप्ता, विशाल भल्ला, अशोक राजौरा आदि प्रमुख रूप से मौजूद रहे।
समापन समारोह का शानदार संचालन रीनेश मित्तल ने किया। मैच के आयोजन में मधुसूदन मिश्रा की अहम भूमिका थी।

0 Comments