आगरा में 409 नए मरीज मिले
- एक दिन पूर्व यह आंकड़ा था 891 मरीज
न्यूज़ स्ट्रोक
नई दिल्ली/आगरा, 21 जनवरी। ताज नगरी आगरा में कोरोना संक्रमण को लेकर बीते 24 घंटों में कुछ राहत तो दिखाई दी है। दूसरी ओर देशभर में कोरोना के मामलों में बढ़ोतरी ही है। भारत में बीते 24 घंटों में 3.47 लाख कोरोना मामले सामने आए और 703 लोगों की मौत हुई है। ये आंकड़े स्वास्थ्य और परिवार कल्याण मंत्रालय ने आज शुक्रवार को साझा किए।
जहां तक आगरा की बात है तो बीते 24 घन्टे में 409 नए मरीज मिले हैं। गौरतलब कि इससे एक दिन पूर्व 891 मरीज मिले थे। यानी आधे से कम मरीज। जिलाधिकारी प्रभु एन सिंह ने बताया कि 24 घंटों में 4708 लोगों के सेम्पल लिए गए, इनमें 409 नए मरीज मिले। हालांकि स्वस्थ लोगों का आंकड़ा भी बढ़ रहा है। डीएम के मुताबिक पिछले 24 घन्टे में 605 लोग स्वस्थ हुए। आगरा में वर्तमान में 3235 सक्रिय केस हैं।
वहीं देश भर में रोजाना दर्ज किए गए कोरोना मामलों में बीते दिन की तुलना में लगभग 9 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई।
एक दिन में 703 लोगों की मौत हुई है, जिससे मरने वालों की संख्या बढ़कर 4,88,396 हो गई। कोरोना के सक्रिय मामलों की संख्या बढ़कर 20,18,825 हो गई है।
देशभर में ओमिक्रॉन वेरिएंट के मामलों की संख्या बढ़कर 9,692 हो गई है, जो बीते दिन की तुलना में 4.36 प्रतिशत ज्यादा है।
बीते 24 घंटे में 2,51,777 मरीजों के ठीक होने से रिकवर होने वाले लोगों की संख्या बढ़कर 3,60,58,806 हो गई है।
देशभर में कुल 19,35,912 कोरोना टेस्ट किए गए। इसी के साथ कोरोना टेस्ट की संख्या बढ़कर 71.15 करोड़ से ज्यादा हो गई है। बीते 24 घंटों में लोगों को 70 लाख से ज्यादा वैक्सीन खुराकें दी गई है, जिससे देश का कोरोना टीकाकरण कवरेज शुक्रवार सुबह तक 160.43 करोड़ तक पहुंच गया है।
0 Comments