शादी से पहले रफूचक्कर लुटेरी दुल्हन!



👍जगदीशपुरा पुलिस मामले की जांच में जुटी

 तुषार चौहान
आगरा, 14 अप्रैल । ताजनगरी में एक लुटेरी दुल्हन ने बरात आने से पांच पहले ही वर पक्ष को लाखों का चूना लगा दिया और परिवार सहित रफूचक्कर हो गई। वर पक्ष ने उनके घर पर संपर्क किया, लेकिन वह फर्जी निकला। वर पक्ष ने थाने में शिकायत की है। 
जगदीशपुरा की आवास विकास कॉलोनी सेक्टर एक में रहने वाले युवक ने अपनी कार कैब कंपनी में लगा रखी है। एक परिचित के माध्यम से उसके पास रिश्ता आया। लड़की वालों ने बताया कि वह मूलरूप से खेरा राठौर के रहने वाले हैं। वर्तमान में सिकंदरा के राधा नगर में किराए पर रहते हैं। कैब संचालक युवक के परिजनों ने दो मार्च को लड़की देखी। पसंद आने पर रिश्ता तय कर दिया। शादी की तारीख 16 अप्रैल तय हो गई। लड़का पक्ष ने शादी के कार्ड छपवाकर बांट दिए। मैरिज होम बुक करा दिया गया। लड़के वालों ने बताया कि इसी बीच एक एनजीओ संचालक जो कि दूल्हे का परिचित है, उसने कहा कि लड़की वाले बहुत गरीब हैं। इसलिए उनकी ओर से भी शादी में आने वाले खर्च का इंतजाम करना होगा। 
संचालक ने उनसे 80 हजार रुपये लड़की वालों को दिला दिए। यह रकम उन्होंने आनलाइन खाते में ट्रांसफर की। दुल्हन को उसके पसंद के महंगे सूट और लहंगे खरीदकर दिए। लड़की लगातार फोन से संपर्क में थी। उससे और परिवार वालों से बातचीत हो रही थी। लड़की और उसके परिजन ने 11 अप्रैल की दोपहर से अपना मोबाइल बंद कर लिया। रात तक मोबाइल बंद होने पर मध्यस्थ एनजीओ वाले को फोन मिलाया तो उसने भी नहीं उठाया। इससे लड़के वालों को शक हुआ, वह राधा नगर पहुंचे। लड़की और उसके परिजन के बारे में जानकारी तो पता चला कि इस नाम का वहां कोई नहीं रहता है। जिसके बाद वह लड़की वालों के गांव खेरा राठौर पहुंचे। वहां प्रधान से पता किया लेकिन लड़की और उसके परिजन  नाम-पता फर्जी मिला। इससे लड़के वालों के होश उड़ गए। दो दिन बाद बरात लेकर जाने की तैयारी थी। करीबी रिश्तेदार घर आ चुके थे। धोखाधड़ी के शिकार लड़के वालों ने गुरुवार को जगदीशपुरा थाने पहुंचकर तहरीर दी। उन्होंने एनजीओ संचालक पर भी साजिश में शामिल होने का आरोप लगाया। इंस्पेक्टर प्रवींद्र कुमार ने बताया कि जांच की जा रही है। साक्ष्यों के आधार पर मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी। दूल्हा पक्ष का आरोप है कि लड़की वालों ने साजिश के तहत सारा काम किया। उन्होंने लगुन टीका का कार्यक्रम एक मैरिज होम में रखा, जिससे कि उनके घर के बारे में जानकारी न हो सके। शक है कि वह आगरा से बाहर के रहने वाले थे। किसी अन्य स्थान पर कमरा लेकर ठहरे होंगे।

Post a Comment

0 Comments