एक छात्रा को किया बरामद तो दूसरी की तलाश जारी

 


-जिम संचालक के साथ गई छात्रा बोली, मैं बालिग, अपनी इच्छा से आई

-सिकंदरा पुलिस ने दिल्ली से की बरामद, सदर पुलिस तलाश में जुटी 

 तुषार चौहान
आगरा, 14 अप्रैल । ताजनगरी से दो छात्राओं के अपहरण के मामले ने तूल पकड़ लिया था। एक घटना सिकंदरा की है तो दूसरी सदर क्षेत्र की। सिकंदरा पुलिस ने छात्रा को दिल्ली से बरामद कर लिया तो दूसरी छात्रा की तलाश में सदर पुलिस के साथ कई टीमें दबिश दे रही हैं। कई लोगों से पूछताछ की जा रही है, छात्रा की बरामदगी के लिए हर संभव प्रयास किये जा रहे हैं। 
विदित हो कि सिकंदरा के रुनकता क्षेत्र से एक छात्रा 11 अप्रैल की दोपहर गायब हो गई थी। जिम संचालक साजिद पर उसे ले जाने के आरोप में परिजनों ने मुकदमा दर्ज कराया था। हिंदू महासभा ने थाने का घेराव कर हंगामा किया था। पुलिस को उसकी बरामदगी का अल्टीमेटम दिया था।  बुधवार को छात्रा ने सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल किया था। छात्रा, जिम संचालक के साथ थी, उसने कहा था कि वह बालिग है और अपनी मर्जी से ही साथ आई है। पुलिस ने उसकी लोकेशन ट्रेस कराई तो वह दिल्ली निकली। पुलिस ने उसे वहां से बरामद कर लिया है। पुलिस अब उसे कोर्ट में बयान दर्ज करायेगी, उसे आधार पर आगे की कार्रवाई करेगी। 
परिजनों को पुलिस ने सूचना दे दी है। परिजनों ने छात्रा को काफी समझाया लेकिन अभी वह किसी की बात नहीं मान रही है। पुलिस का भी कहना है कि  कोर्ट में बयान होने के बाद ही कार्रवाई की जायेगी। 
वहीं सदर क्षेत्र से अपहृत छात्रा का अभी पुलिस पता नहीं लगा पाई है। पुलिस ने आरोपी युवक के परिजनों को हिरासत में ले रखा है, उनसे जानकारी की जा रही है। युवक और छात्रा की तलाश में दबिश दी जा रही है लेकिन अभी तक पुलिस के हाथ सफलता नहीं लगी है। मोबाइल की लोकेशन भी ट्रेस नहीं हो पा रही है। चूंकि दोनों में कोई भी अपने मोबाइल नहीं चला रहा है। पुलिस का कहना है कि कई टीमें तलाश में जुटी हुई है।   


Post a Comment

0 Comments