संभल जाइए वर्ना आगरा में फिर घर-घर पहुंच सकता है कोरोना



ताजनगरी में शनिवार को 

मिले छह कोविड संक्रमित


-सक्रिय मरीजों की संख्या 21 तक पहुंची


न्यूज़ स्ट्रोक
आगरा, 23 अप्रैल। अभी वक्त है कि समय रहते समझ जाएं वरना कोरोना वायरस आगरा के घर-घर में फैल सकता है। जी हां, ताजनगरी में कोविड-19 की चौथी संभावित लहर अब कुछ तेजी से रंग दिखा रही है। दिन-प्रतिदिन कोरोना नए संक्रमित मिल रहे हैं। केसों में बढ़ोतरी दर्ज हो रही है। शनिवार को भी बीते 24 घंटे में 2854 लोगों की जांच हुई, जिसमें छह नए केस पाए गए। अब आगरा में कोरोना संक्रमितों की संख्या 21 पर पहुंच गई है। 
गौरतलब है कि शुक्रवार को भी आगरा में कोरोना के दो केस मिले थे। कुछ समय पहले एक भी केस सामने नहीं आ रहा था। अब बीते दो तीन दिनों से संक्रमितों की संख्या बढ़ रही है। इसी को लेकर कांन्ट्रैक्ट ट्रेसिंग स्वास्थ्य विभाग ने शुरू कर दी गई है। पिछले 50 दिनों के मुकाबले में शनिवार को सर्वाधिक केस मिले। 
सीएमओ डा. अरुण श्रीवास्तव का कहना है कि कोरोना के बढ़ते मामलों को देखते हुए अब और सावधानी बरतने की जरूरत है। गुरुवार को तीन, शुक्रवार को दो लोग और शनिवार को छह लोगों में कोरोना पुष्टि होने के बाद लोगों को चौथी लहर का डर सताने लगा है। इससे पहले गत सोमवार को पांच लोग कोरोना पॉजिटिव मिले थे। जिसमें तीन विदेशी महिला पर्यटक शामिल थीं।
गौरतलब है कि तीन मार्च 2020 को आगरा में कोरोना का पहला मरीज मिला था। तब से अब तक 26 लाख 11 हजार 685 लोगों की जांच हो चुकी है। इनमें से 36195 लोग संक्रमित मिले। जबकि 465 की मौत हो गई। 35709 लोग स्वस्थ हो गए। अब फिर से संक्रमण बढऩे से स्वास्थ्य विभाग अलर्ट हो गया है। स्वास्थ्य विभाग का कहना है कि इस बार कोरोना के लक्षण में थोड़ा बदलाव दिख रहा है। कोरोना के साथ डायरिया के लक्षण भी देखने को मिल रहे हैं। लोगों से अपील की जा रही है कि भीड़भाड़ में जाने से बचें। जरूरी हो तभी बाहर निकलें। मास्क और सेनेटाइजर का इस्तेमाल करें।


Post a Comment

0 Comments