- दोनों पक्षों से चार लोग हो गए घायल, शाहगंज के हमीद नगर गड्ढा की घटना, विवाद के चलते मोहल्ले में पुलिस तैनात
न्यूज़ स्ट्रोक
आगरा, 04 मई। थाना शाहगंज के हमीद नगर गड्ढा में बुधवार को कबूतरबाजी को लेकर दो पक्षों कहासुनी हो गई, जिसके बाद एक पक्ष के लोगों ने घर पर हमला बोल दिया। चाकुओं और लाठी-डंडों से हमला कर दिया। इसमें सगे भाइयों समेत एक ही परिवार के तीन लोगों को घायल हो गए हैं। घटना से बस्ती में अफरा-तफरी मच गई। परिजनों ने घायलों को ठेल और ऑटो के माध्यम से थाने तक पहुंचाया। इसके बाद उन्हें एसएन मेडिकल कॉलेज में इलाज के लिए भर्ती कराया। दूसरे पक्ष का भी एक युवक घायल हुआ है।
शाहगंज के हमीद नगर गड्ढा निवासी शहजाद ने पुलिस को बताया कि विवाद सुबह करीब दस बजे से शुरू हुआ। मोहल्ले में रहने वाले राजा पक्ष के लोग सुबह कबूतरबाजी कर रहे थे। इस दौरान उनकी छत पर आकर शोर कर रहे थे, जिससे परिवार के लोगों को दिक्कत हो रही थी। परिवार के अकरम पुत्र अंसारो ने विरोध किया। उन्होंने राजा पक्ष के युवकों को छत पर आकर शोर मचाने से मना किया। इसे लेकर राजा पक्ष के लोगों से कहासुनी हो गई।
शहजाद ने पुलिस को बताया कि कहासुनी ने विवाद का रूप ले लिया। राजा पक्ष के लोगों ने घर पर हमला बोल दिया। उन्होंने अकरम, उसके भाई इमरान और चचेरे भाई अमन पुत्र भाजुद्दीन पर चाकुओं और डंडों से ताबड़तोड़ प्रहार कर दिए। अकरम के पेट और अमन के गले में चाकू लगने से वह लहूलुहान हो गए। डंडों से पिटाई के चलते अकरम का छोटा भाई इमरान भी घायल हो गया। दूसरे पक्ष का युवक राजा भी घायल हुआ है। घटना से बस्ती में अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई।
इंस्पेक्टर जसवीर सिंह सिरोही ने बताया घायलों को एसएन मेडिकल कॉलेज भेजा गया है। घायल पक्ष की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज किया जाएगा। विवाद के बाद मोहल्ले में पुलिस तैनात कर दी है। वहीं दूसरे पक्ष से घायल हुआ राजा भी थाने पहुंच गया। राजा ने पुलिस को बताया कि अकरम पक्ष के युवक उसका मजाक उड़ा रहे थे, जिसका विरोध करने पर कहासुनी हो गई।
0 Comments