![]() |
अपहरणकर्ताओं की जानकारी देते एसपी ग्रामीण पश्चिमी सत्यजीत गुप्ता। |
-दो दिन पूर्व हुआ था अपहरण, फिरौती मांगी थी, पुलिस ने दो अपहरणकर्ताओं को दबोचा
तुषार चौहान
आगरा, 04 मई। इरादतनगर क्षेत्र में दो दिन पूर्व एक कारोबारी के बेटे का अपहरण हो गया। अपहरणकर्ताओं ने परिजनों पर फोन कर फिरौती की मांग की। कारोबारी ने इसकी सूचना पुलिस को दी। घटना से पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। पुलिस ने अपहरणकर्ताओं को पकडऩे के लिए चार टीमों का गठन किया। बुधवार को पुलिस ने कारोबारी के बेटे को सकुशल बरामद कर लिया। बेटे का अपहरण करने वाले दो लोगों को भी पकड़ लिया। पुलिस ने उन्हें जेल भेज दिया है।
थाना इरादतनगर क्षेत्र के गांव गढ़ी उद्वव निवासी प्रसिद्ध कारोबारी अशोक लवानिया का 16 वर्षीय पुत्र रोहित दो मई को अपने मित्र की शादी में आगरा गया था। वहां से लौटते समय दो लोगों ने रोहित कुछ सुंघाकर उसका अपहरण कर लिया। कुछ ही देर बाद अपहरणकर्ताओं ने परिजनों पर फोन कर रोहित का अपहरण होंने की जानकारी दी। साथ ही रोहित को सकुशल वापस करने के एवज में पंद्रह लाख रुपये की फिरौती मांगी। पुलिस से शिकायत करने पर रोहित को जान से मारने की धमकी दी। इससे परिजनों के होश उड़ गए। कारोबारी अशोक लवानिया ने इसकी शिकायत थाना इरादतनगर पुलिस से की। किशोर का अपहरण होंने की खबर मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया।
एसपी ग्रामीण पश्चिम सत्यजीत गुप्ता ने अपहरणकर्ताओं को पकडऩे के लिए सर्विलांस टीम सहित चार टीमों का गठन किया। इसके बाद से ही पुलिस रोहित की तलाश में जुट गई थी। क्षेत्र में चेकिंग एवं गश्त बढ़ा दी गई।
बुधवार को मुखबिर ने पुलिस को सूचना दी कि अपहरणकर्ता राजस्थान के जिला धौलपुर के राजाखेड़ा के पास खेडिय़ा के पास पार्वती नदी के जंगलों में घूम रहे हैं। इसकी जानकारी मिलते ही पुलिस टीम जंगल में पहुंच गई। पुलिस ने अपहरणकर्ताओं को चारों तरफ से घेर लिया। इसके बाद पुलिस ने मौके से दो अपहरणकर्ताओं को पकड़ लिया। वहीं पुलिस ने उनकी निशानदेही पर कारोबारी के बेटे रोहित को भी सकुशल बरामद कर लिया। इसकी जानकारी मिलते ही रोहित के घर में खुशी की लहर दौड़ गई। उन्होंने आगरा पुलिस का आभार जताया। एसपी ग्रामीण पश्चिम सत्यजीत गुप्ता ने बताया है कि पकड़े गए आरोपियों ने पुलिस पूछताछ अपना नाम थाना मलपुरा के गांव नगला कुठावली निवासी दशरथ पुत्र हजारीलाल व थाना सदर के गांव नैनाना जाट निवासी देवेन्द्र उर्फ भूपेन्द्र पुत्र महेन्द्र सिंह बताया है।
पुलिस ने दोनों को जेल भेज दिया है। अपहरणकर्ताओं को पकडऩे वाली टीम में प्रभारी निरीक्षक खेरागढ़ जितेन्द्र सिंह चन्देल, वरिष्ठ उपनिरीक्षक सर्वेश सिंह, थाना इरादतनगर उप निरीक्षक कौशल किशोर, भानू प्रताप सिंह, अतुल पाठक, हेड कांस्टेबल भूपेन्द्र सिंह, कांस्टेबल योगेश कुमार, पवन कुमार, शुभम यादव आदि मौजूद रहे।
0 Comments