लघु उद्योग भारती ने कृषि मंत्री से आलू को लेकर की चर्चा



-आलू के बीज, वैरायटी और कोल्ड स्टोरेज की तकनीक में सुधार जैसे मुद्दे रहे अहम


न्यूज़ स्ट्रोक
आगरा, 23 अगस्त। लघु उद्योग भारती के एक प्रतिनिधिमंडल ने प्रदेश के उद्यान एवं कृषि निर्यात मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) दिनेश प्रताप सिंह से आगरा आगमन पर सर्किट हाउस में भेट की। इस दौरान प्रमुख रूप से आगरा मंडल में वर्तमान में कोल्ड स्टोरेज के आलू के स्टॉक एवं भाव पर चर्चा हुई। 
प्रतिनिधि मंडल ने कृषि मंत्री से निवेदन किया कि उत्तर प्रदेश में प्रोसेसिंग आलू की वैरायटी को प्रोत्साहित करने के लिए बीज की उपलब्धता सुनिश्चित की जाए। इससे स्थानीय किसान निर्यात होने वाली एवं प्रोसेसिंग में यूज होने वाली आलू की वैरायटी को उत्पादित कर सकें। इससे किसानों की आय भी बढ़ेगी एवं फूड प्रोसेसिंग उद्योग को कच्चे माल की उपलब्धता और देश को उत्पादों के माध्यम से विदेशी मुद्रा का आगमन होगा।
दूसरा मुद्दा आगरा मंडल में कोल्ड स्टोरेज के टेक्निकल मॉर्डनाइजेशन के संदर्भ में सरकार द्वारा प्रोत्साहन एवं अनुदान की राशि को बढ़ाने की मांग की। प्रोसेसिंग की वैरायटी  के लिए पहले से मौजूदा कोल्ड स्टोरेज की तकनीक को सुधार करने की आवश्यकता है, जिससे कि ह्यूमिडिटी कंट्रोल, कार्बन डाइऑक्साइड कंट्रोल के माध्यम से आलू की गुणवत्ता को सुनिश्चित किया जा सके जिससे कि उनकी गुणवत्ता अंतरराष्ट्रीय मानकों के अनुरूप रहे।
इन सभी मांगों पर मंत्री दिनेश प्रताप सिंह ने सभी उद्योगों एवं किसानों को हर संभव मदद एवं प्रोत्साहन दिए जाने का भरोसा दिया गया। बैठक में लघु उद्योग भारती के महासचिव विजय गुप्ता, भाजपा के महानगर अध्यक्ष भानु महाजन, सह कोषाध्यक्ष दिनेश गुप्ता, सचिव सौरभ गुप्ता, अरविंद शुक्ला एवं  डिप्टी डायरेक्टर हॉर्टिकल्चर कौशल नीरज प्रमुख रूप से उपस्थित रहे।

Post a Comment

0 Comments