मंडलीय नेहरू हॉकी में आगरा की टीम ने जीते दोहरे खिताब


-माध्यमिक विद्यालयों की इस प्रतियोगिता में मथुरा और फिरोजाबाद रहे उपविजेता


न्यूज़ स्ट्रोक
आगरा, 23 अगस्त । एकलव्य स्पोर्ट्स स्टेडियम, आगरा पर खेली गई मंडलीय माध्यमिक विद्यालयीय अंडर-15 सब जूनियर और अंडर-17 जूनियर नेहरू हॉकी प्रतियोगिता आगरा ने जीत ली है। टीम ने शानदार प्रदर्शन किया और दोनों खिताब अपने नाम किए। मथुरा और फिरोजाबाद उपविजेता रहे।
प्रतियोगिता का शुभारम्भ सरदार जगदीप सिंह साहनी प्रबन्धक व हरजोत सिंह साहनी ने संयुक्त रूप से किया।  प्रतियोगिता में मथुरा जनपद की दोनों वर्गों की टीम, आगरा जनपद की दोनों वर्गों की टीम तथा फिरोजाबाद जनपद की केवल जूनियर वर्ग की टीम ने प्रतिभाग किया।
जूनियर वर्ग में पहला मैच आगरा और मथुरा के मध्य खेला गया। यह मैच आगरा ने 5-0 से जीत लिया और फाइनल में प्रवेश किया। फिरोजाबाद की टीम बाई मिलने के कारण सीधी फाइनल खेलने उतरी। फाइनल में फिरोजाबाद जनपद के गिरधारी लाल इंटर कॉलेज, सिरसागंज की टीम को 4-0 से हराकर खालसा इंटर कॉलेज आगरा की टीम ने मंडलीय विजेता  होने का गौरव प्राप्त किया।
वहीं सब जूनियर वर्ग में दो ही टीमें थीं। इनका सीधा फाइनल मुकाबला खेला गया। आगरा जनपद की खालसा इंटर कॉलेज की टीम मथुरा जनपद  की राधा कृष्ण इंटर कॉलेज की टीम को 4-0  से मात देकर मंडलीय विजेता बनी।
निर्णायक मंडल में राष्ट्रीय अंपायर  एवं तकनीकी अधिकारी हॉकी इंडिया अमिताभ गौतम, अजय कुमार सिंह, शाहिद अली, धर्मेंद्र बघेल व दिलीप शर्मा थे। 
इस अवसर पर राजीव सोई, हरपाल सिंह चाहर, रीनेश मित्तल, पंकज शर्मा, रवि प्रकाश, सौरभ सिंह, पंकज कश्यप, सौरभ गुप्ता, डॉ. चतुर सिंह, कमल सिंह, सुनील कुमार चंदेल, महावीर अग्रवाल, पद्मावती बघेल आदि मुख्य रूप से उपस्थित थे।
पुरस्कार वितरण सरदार जगदीप सिंह साहनी एवं अशोक बघेल मंडलीय क्रीड़ा सचिव ने किया। संचालन केपी सिंह यादव एवं संजय नेहरू ने संयुक्त रूप से  किया। प्रतियोगिता के अंत में संयोजक प्रधानाचार्य कुलदीप जैन ने सभी का धन्यवाद ज्ञापन किया।

Post a Comment

0 Comments