Image

मिनी मैराथन में दौड़ा समूचा शहर

करीब 10 हज़ार लोगों ने 

पूरे उत्साह से की भागीदारी 


-केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू और एस.पी.सिंह बघेल भी दौडे़ पूरे रूट पर

-सामाजिक, शैक्षिक, औद्योगिक व स्वंय सेवी संस्थाओं ने भी निभाई भागीदारी


न्यूज़ स्ट्रोक

आगरा। एमजी रोड पर आगरा कालेज से एकलव्य स्पोर्टस स्टेडियम तक आज रविवार की सुबह पूरा शहर उमड़ पड़ा। बच्चों, युवाओं, बुजुर्गों के साथ ही बड़ी संख्या में दिव्यांगों ने भी मिनी मैराथन में भाग लेकर उत्साह और जोश का अनूठा माहौल बना दिया। यह अवसर था केन्द्रीय विधि व न्याय राज्य मंत्री प्रो.एस.पी. सिंह बघेल के निर्देशन में शुरू हुई सांसद खेल स्पर्धा का। इसके तहत पहली स्पर्धा के रूप में सुबह हुई मिनी मैराथन में करीब दस हजार से अधिक लोगों ने भाग लेकर अनूठा नजारा पेश किया। मुख्य अतिथि केंद्रीय विधि व न्याय किरेन रिजिजू भी भीड़ को देख गदगद नजर आए।



 सुबह पांच बजे से ही उमड़ा रेला 

आगरा कालेज मैदान पर सुबह पांच बजे से ही युवाओं का रेला उमड़ पडा था। यहां करीब चालीस से अधिक कांउटर बनाकर पंजीकृत धावकों को निःशुल्क टी-शर्ट्स प्रदान की गई। हजारों लोगों के बीच व्यवस्थाएं बनाए रखने के लिए लाउडस्पीकरों के साथ वॉकी-टॉकी का सहारा भी लिया गया। सुबह सात बजे तक हजारों लोग इस मैदान पर एकत्रित हो चुके थे।

 स्कूल-कॉलेज, सामाजिक, राजनीतिक,

और औद्योगिक संगठनों की भागीदारी


इनमें विभिन्न प्राथमिक व माध्यमिक विद्यालयों, कान्वेंट स्कूलों, महाविद्यालयों के छात्र-छात्राओं के साथ ही विभिन्न सामाजिक, राजनितिक, सांस्कृतिक व औद्योगिक संगठनों के प्रतिनिधि भी शामिल थे। आईएमए, एफमेक, लघु उद्योग भारती, क्रीड़ा भारती दिव्यांग सेवा समिति, नेशनल चैम्बर, टूरिस्ट चैम्बर समेत कई प्रमुख संस्थाओं के पदाधिकारी भी मिनी मैराथन में भाग लेने खासी संख्या में पहुंचे थे। भाजयुमो, बजरंग दल, ब्रह्मकुमारी संस्था, विहिप, भाजपा महिला मोर्चा की सदस्यों ने भी मैराथन में बढ़-चढ़कर भाग लिया। सुबह करीब 8.05 बजे आगरा कालेज पहुंचे केन्द्रीय मंत्री रिजिजू का प्रो.एस.पी. सिंह बघेल और उनकी पत्नी मधु बघेल ने स्वागत किया।


 मंच पर यह रहे मौजूद 

स्वागत मंच पर प्रदेश सरकार के मंत्री डा.जी.एस.धर्मेश, विधायक योगेन्द्र उपाध्याय, विधायक रामप्रताप सिंह, विधायक पुरुषोत्तम खण्डेलवाल, विधायक संजीव दिवाकर, पदमश्री उषा यादव, ओलम्पियन जगवीर सिंह, भाजपा महानगर अध्यक्ष भानु महाजन, प्रांशु दुबे, एस.सी-एस.टी.आयोग के अध्यक्ष डा.रामबाबू हरित, दिगम्बर सिंह, नवीन गौतम, प्रमोद गुप्ता, गौरव शर्मा, अर्पित शर्मा, क्षेत्रीय क्रीड़ा अधिकारी सुनील चन्द्र जोशी, के.के.भारद्वाज, अजय चौहान आदि विशिष्ट जन मौजूद थे। दौड़ की समाप्ति पर सभी को पौधों का वितरण भी किया गया।

 स्टेडियम तक दौडे़ रिजिजू और बघेल

 मुख्य अतिथि किरेन रिजिजू ने सुबह करीब साढ़े आठ बजे आगरा कालेज मैदान के बाहर सड़क किनारे बने मंच से हरी झण्डी दिखाकर मिनी मैराथन-रन फॉर ग्रीनरी की शुरुआत की। यही नहीं इसके बाद किरेन रिजिजू व प्रो.बघेल हजारों खिलाड़ियों के साथ एम.जी.रोड पर दौड़ते हुए स्टेडियम तक पहुंचे। यहां सर्वप्रथम पहुंचे दस धावकों का चयन किया गया

नन्हे बच्चे और दिव्यांगजन बने आकर्षण

मिनी मैराथन में सर्वाधिक आकर्षण का केन्द्र नन्हे बच्चे और दिव्यांगजन बने रहे। करीब दो से चार साल के बच्चे भी अपने परिजनों के साथ इस दौड में भाग लेने पहुंचे। वहीं दो दर्जन से अधिक दिव्यांगजनों ने भी दौड़ में भाग लिया। आठ-दस दिव्यांग तो ट्राई साइकिलों के साथ दौड़ में शामिल हुए। उन्होंने दौड़ पूरी की और स्टेडियम में हुए मार्च पास्ट में भी भाग लिया। मुख्य अतिथि रिजिजू व प्रो.बघेल ने मेडल पहनाकर दिव्यांगजनों का उत्साहवर्धन किया।

भारत को खेल महाशक्ति बनाने का प्रयास-रिजिजू

मैराथन शुरू होने से पहले उपस्थित जनसमूह को सम्बोधित करते हुए केन्द्रीय मंत्री किरेन रिजिजू ने कहा कि केन्द्र सरकार देश को खेलों में महाशक्ति बनाने का प्रयास कर रही है, इसीलिए हर संसदीय क्षेत्र में खेलों का आयोजन किया जा रहा है। सरकार का लक्ष्य देश को ओलम्पिक खेलों की तालिका में टॉप टेन में पहुंचाना है। रिजिजू ने कहा कि बे कई साल बाद आगरा आए हैं और यहां की जनता का खेलों के प्रति उत्साह देखकर अभिभूत हैं। भव्य मार्च पास्ट के साथ चार दिवसीय सांसद खेल स्पर्धा का शुभारम्भ केन्द्रीय मंत्री रिजिजू ने ली सलामी और किया ध्वजारोहण थीमगीत और महारास ने सभी का मन मोह लिया।


Post a Comment

1 Comments

  1. बहुत ही सराहनीय किया जा रहा है

    ReplyDelete