होप्स और कैडेट वर्ग में विजेता
लखनऊ के वीर भी चैंपियन
- आगरा की गौरी जैन होप्स वर्ग में उपविजेता
आगरा। एकलव्य स्पोर्ट्स स्टेडियम आगरा में खेली जा रही 68वीं स्टेग यूपी स्टेट टेबल टेनिस चैंपियनशिप के पहले दिन मंगलवार को होप्स और कैडेट वर्ग के मुकाबले खेले गए। वाराणसी की अनोखी केसरी ने दोनों ही वर्गों में खिताब जीतकर स्वर्णिम प्रदर्शन किया।
उत्तर प्रदेश टेबल टेनिस एसोसिएशन के निर्देशन में आगरा टेबल टेनिस एसोसिएशन द्वारा यह प्रतियोगिता आयोजित की जा रही है।
जिला टेबल टेनिस एसोसिएशन की सचिव डॉ. अलका शर्मा ने बताया कि होप्स बालिका वर्ग (अंडर-11 आयु वर्ग) में वाराणसी की अनोखी केसरी आगरा की गौरी जैन को हराकर चैंपियन बनी। बालक वर्ग में लखनऊ के वीर कुमार लखनऊ के ही देव त्रिपाठी को हराकर चैंपियन बने। कैडेट बालिका ( अंडर-13) वर्ग में भी वाराणसी की अनोखी केसरी ही चैंपियन बनीं।
होप्स बालिका वर्ग के शुरुआती मुकाबलों के बाद वाराणसी की अनोखी केसरी गोरखपुर की सिदरा फातिमा को 11-6, 11-4, 5-11, 11-3 हराकर फाइनल में पहुंची। दूसरे सेमीफाइनल में आगरा की गौरी जैन ने गोरखपुर की साक्षी तिवारी को तीन सेटों के मुकाबले में 9-11, 11-4, 11-3, 11-4 से हराकर ख़िताबी मुकाबले में जगह बनाई। उसके बाद खेले गए फाइनल में अनोखी केसरी में बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए गौरी जैन को 14-12, 11-5, 11-1 से हराकर अपना पहला खिताब जीता।
प्रतियोगिता के एक मैच का देखें वीडियो
अंडर-13 आयु वर्ग में भी बनारस की अनोखी केसरी का परचम लहराया। पहले सेमीफाइनल में अनोखी ने आगरा की श्रेया अग्रवाल को 11-9, 11-6, 11-9 से हराकर फाइनल में प्रवेश किया। दूसरे सेमीफाइनल में गाजियाबाद की याशिका तिवारी ने आगरा की सुहानी अग्रवाल को 11-9, 11-6, 11-9 मात देकर फाइनल में अपना स्थान सुनिश्चित किया। फाइनल में अनोखी केसरी ने याशिका को 11-9 12-10, 11-6 से हराकर अपना दूसरा खिताब जीता।
होप्स बालक वर्ग के पहले सेमीफाइनल में लखनऊ के वीर कुमार ने गोरखपुर के वर्तिक दत्त त्रिपाठी को 12-10, 11-6, 11-9 से हराकर फाइनल में जगह बनाई। दूसरे सेमीफाइनल में देव त्रिपाठी लखनऊ ने आगरा के शौर्य वरदान को 11-3, 9-11, 11-3, 11-5 से शिकस्त देकर फाइनल में प्रवेश किया। फाइनल मुकाबले में लखनऊ के वीर कुमार ने अपने ही शहर के देव त्रिपाठी को सीधे सेटों में 11-6, 11-3, 13-11 से हराकर खिताब जीता।

0 Comments