-कूच बिहार ट्रॉफी में यूपी की टीम जीत की ओर बढ़ी
- सोशल मीडिया पर अर्जुन और कोच प्रवेश भारद्वाज को बधाइयों का ताता
न्यूज़ स्ट्रोक
आगरा, 22 दिसंबर। युवा क्रिकेटर अर्जुन भारद्वाज ने लगातार दूसरे दिन आगरा के क्रिकेट जगत को गर्व करने का मौका दिया। कूच बिहार क्रिकेट ट्रॉफी ( अंडर-19) के पहले दिन 160 रन पर नाबाद अर्जुन ने आज रविवार को दूसरे दिन दोहरा शतक (225 रन ) बना डाला। बोर्ड ट्रॉफी मैच में आगरा की ओर से यह कमाल करने वाले अर्जुन पहले बल्लेबाज हैं। उत्तर प्रदेश की क्रिकेट में भी यह प्रदर्शन इसलिए स्वर्ण अक्षरों में लिखा जाएगा क्योंकि यह किसी बल्लेबाज का डेब्यू प्रदर्शन है।
अब अगर चार दिवसीय कूच बिहार ट्रॉफी मैच के शुरुआती दो दिन की बात करें तो अर्जुन भारद्वाज के अपने पहले ही मैच में किए गए शानदार प्रदर्शन (225 ) रन और इसके बाद गेंदबाजों के बेहतरीन प्रदर्शन से उत्तर प्रदेश की टीम ओडिशा के खिलाफ जीत की ओर कदम बढ़ा चुकी है। डेक्कन जिमखाना ग्राउंड, पुणे में खेले जा रहे इस मैच के दूसरे दिन उत्तर प्रदेश की टीम 485 रन बनाकर आउट हुई। इसके जवाब में ओडिशा की टीम केवल 165 रन पर सिमट गई।
दिन का खेल खत्म होने तक फॉलोऑन मिलने के बाद ओडिशा की टीम ने अपनी दूसरी पारी में बिना कोई विकेट खोए दो रन बना लिए हैं। टीम अभी भी 321 रन पीछे है और दो दिन का खेल बाकी है।
इससे पूर्व अर्जुन भारद्वाज ने 365 गेंदों की अपनी मैराथन पारी में बेहतरीन 225 रन बनाए। गौरतलब है कि मैच के पहले दिन उत्तर प्रदेश की टीम ने 5 विकेट खोकर 335 रन बनाए थे। अर्जुन भारद्वाज 160 रन पर नाबाद थे। अर्जुन भारद्वाज ने अरानव बालियान (64) के साथ तीसरे विकेट के लिए 145 रन की भागीदारी की थीं । इसके बाद पांचवें विकेट के लिए स्वास्तिक ( 54 रन ) के साथ 113 रन की भागीदारी।
आज मंगलवार सुबह मैच के दूसरे दिन अर्जुन ने अपना पराक्रम जारी रखा और 315 गेंदों में अपने 200 रन पूरे किए। अर्जुन ने मनीष सिंह सोलंकी ( 50 रन ) के साथ छठे विकेट के लिए 123 रन की भागीदारी की। इस तरह अर्जुन भारद्वाज ने तीन शतकीय भागीदारी कर अपना शानदार प्रदर्शन जारी रखा। अर्जुन 225 रन बनाकर उत्तर प्रदेश की ओर से आठवें विकेट के रूप में जब पवेलियन लौटे, तब तक उत्तर प्रदेश के खाते में 462 साल जमा हो चुके थे। अंततः उत्तर प्रदेश की पारी 485 रन पर समाप्त हुई।
अर्जुन के इस दोहरे शतक के बाद उनके कोच प्रवेश भारद्वाज को बधाइयों का तांता लग गया। शहर के सीनियर क्रिकेटर केके शर्मा ने प्रवेश भारद्वाज के घर पर जाकर उन्हें बधाई दी। सोशल मीडिया पर भी अर्जुन और उनके परिजनों को बधाई दी जाती रहीं।
डिस्ट्रिक्ट क्रिकेट एसोसिएशन की ओर से प्रकाश शेष कौशल, सीनियर क्रिकेटर सर्वेश भटनागर, हर विजय सिंह बहिया, समीर चतुर्वेदी, रोहित शर्मा, गौरव चतुर्वेदी सीए, क्रिकेट कोच सुनील कुमार सिंह, तजिंदर सिंह ढिल्लन, लंगड़े की चौकी मंदिर के महंत गोविंद गुरु, गोपी गुरु, महेश वर्मा, मुईन बाबूजी, पूर्व पार्षद सुनील जैन, अरुण इलाहाबादी, प्रवीन शर्मा, राजेंद्र सिंह पंवार, रीनेश मित्तल, सुनयन चतुर्वेदी, समाजसेवी ओम शर्मा, समाजसेवी सोनी त्रिपाठी, समीर खान, चंद्रशेखर शर्मा, सतेंद्र यादव, देवजीत घोष, सिंधी सेंट्रल पंचायत के मीडिया प्रभारी मेघराज दियालानी, सतीश ठाकुर, मोहम्मद अखलाक, भरत यादव, मोहम्मद सद्दीक, शिखा झींगरन, कॉमेंटेटर नरेंद्र शर्मा आदि ने बधाई दी।

0 Comments