कानपुर के अभिषेक यादव और गाजियाबाद की राधाप्रिया गोयल बने यूपी टेबल टेनिस चैंपियन

 

विभिन्न वर्गों के विजेता खिलाड़ियों के साथ मौजूद एसोसिएशन के पदाधिकारी प्रभात चतुर्वेदी, अरुण कुमार बनर्जी एवं डॉ. अलका शर्मा, आरएसओ सुनील जोशी तथा अन्य।

न्यूज़ स्ट्रोक 
आगरा। एकलव्य स्पोर्ट्स स्टेडियम आगरा में खेली जा रही 68वीं स्टेग यूपी स्टेट टेबल टेनिस चैंपियनशिप के अंतिम दिन आज सुबह कानपुर के अभिषेक यादव पुरुष वर्ग में और गाजियाबाद की राधाप्रिया गोयल महिला वर्ग में स्टेट चैंपियन बने। प्रतियोगिता 14 दिसंबर से आज 17 दिसंबर तक खेली गई।
पुरुष वर्ग के फाइनल में अभिषेक यादव ने लखनऊ के दिव्यांश श्रीवास्तव को चार सेटों तक चले कड़े मुकाबले में 11-9, 11-4, 9-11, 11-5 से हराकर स्टेट चैंपियन बनने का सौभाग्य प्राप्त किया। इससे पूर्व खेले गए सेमीफाइनल मैचों में अभिषेक यादव ने गौतम बुद्ध नगर के श्रीधर जोशी को 6-11, 11-4, 13-11, 11-8 से हराकर खिताबी मुकाबले में जगह बनाई थी। दूसरे सेमीफाइनल मैच में दिव्यांश श्रीवास्तव ने गाजियाबाद के सार्थ मिश्रा को 11-9, 11-5, 11-9 से शिकस्त देकर अंतिम मुकाबले की दहलीज पर कदम रखा था 
वहीं महिला वर्ग के फाइनल में राधाप्रिया गोयल शानदार फॉर्म में नजर आ रही गाजियाबाद की सुहानी महाजन को सीधे सेटों में 11-9, 11-5, 11-9  से हराकर प्रदेश की टेबल टेनिस क्वीन बनीं।
इससे पूर्व खेले गए सेमीफाइनल मुकाबलों में राधाप्रिया ने प्रयागराज की अंबिका गुप्ता को 11-2. 11-8, 11-1 से हराकर फाइनल में प्रवेश किया। एक अन्य सेमीफाइनल मुकाबले में सुहानी महाजन ने लखनऊ की गुनगुन साहू को 11-6, 11-4, 11-5 से हराकर टूर्नामेंट के अंतिम दौर में प्रवेश किया था।
चार दिवसीय टूर्नामेंट के समापन पर उत्तर प्रदेश टेबल टेनिस एसोसिएशन के अध्यक्ष रिटायर्ड आईएएस प्रभात चतुर्वेदी ने सभी विजेताओं को पुरस्कार प्रदान किए।

लाइफ टाइम अचीवमेंट पुरस्कार दिए गए

उत्तर प्रदेश टेबल टेनिस एसोसिएशन की ओर प्रदेश के चार वरिष्ठ खिलाड़ियों को लाइफटाइम अचीवमेंट पुरस्कार प्रदान किए गये। विश्वजीत गोन, स्वपन कुमार डे, आमिर अली जैदी और गंभीर कपूर को लाइफटाइम अचीवमेंट पुरस्कार से नवाजा गया।

 यह रहे मौजूद 
टेबल टेनिस फेडरेशन ऑफ इंडिया के महासचिव और उत्तर प्रदेश टेबल टेनिस एसोसिएशन के सचिव अरुण कुमार बनर्जी, उपाध्यक्ष संजीव पाठक,  डॉ. संजय मुंशी, द्रोणाचार्य अवॉर्डी संदीप गुप्ता, क्षेत्रीय क्रीड़ा अधिकारी आगरा सुनील चंद्र जोशी आदि।
सभी अतिथियों का आभार जिला टेबल टेनिस एसोसिएशन की सचिव डॉ. अलका शर्मा ने जताया। यूपी एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने डॉ. अलका शर्मा की प्रतियोगिता के सफल आयोजन के लिए प्रशंसा की।

Post a Comment

0 Comments