हरभजन का क्रिकेट से संन्यास

टेस्ट में हैट्रिक लेने वाले पहले

भारतीय गेंदबाज हैं टर्बनेटर


न्यूज़ स्ट्रोक
नई दिल्ली। दिग्गज ऑफ स्पिनर हरभजन सिंह ने क्रिकेट के सभी फॉर्मेट से शुक्रवार को संन्यास ले लिया है। हरभजन सिंह ने सोशल मीडिया साइट ट्विटर के जरिए अपने संन्यास का ऐलान किया। इसके साथ ही उनके 23 साल के करियर का समापन हुआ।
41 साल के हरभजन ने लिखा, 'सभी अच्छी चीजें खत्म हो जाती हैं और आज मैं उस खेल से विदा लेता हूं, जिसने मुझे जीवन में सब कुछ दिया है, मैं उन सभी को धन्यवाद देना चाहता हूं, जिन्होंने इस 23 साल की लंबी यात्रा को सुंदर और यादगार बनाया, आपका तहे दिल से शुक्रिया, आभारी।'
हरभजन टेस्ट में हैट्रिक लेने वाले पहले भारतीय हैं। उन्होंने 2001 बॉर्डर गावसकर ट्रॉफी में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ तीन मैचों में रिकॉर्ड 32 विकेट चटकाए थे। हरभजन टी20 वर्ल्ड कप (2007) और वनडे वर्ल्ड कप (2011) विजेता टीम के सदस्य रहे।
हरभजन सिंह ने 1998 में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ भारत की तरफ से टेस्ट डेब्यू किया था। उन्होंने भारत की तरफ से 103 टेस्ट मैचों में 417 विकेट लिए। भज्जी ने दो शतकों के साथ 2235 रन भी बनाए। 236 वनडे मैचों में उनके नाम 269 विकेट दर्ज है। टी20 इंटरनेशनल की बात करें तो उन्होंने 28 मैचों में 25 विकेट चटकाया है। अनिल कुंबले (619) , कपिल देव (434) और रविचंद्रन अश्विन (427) के बाद हरभजन सिंह ने भारत की तरफ से सबसे ज्यादा टेस्ट विकेट लिए हैं। आईपीएल के इस गेंदबाज के नाम 150 विकेट दर्ज है।

हरभजन सिंह का अंतरराष्ट्रीय करियर

कुल टेस्ट : 103, विकेट: 417
कुल वनडे : 236, विकेट: 269
कुल टी20 : 28, विकेट: 25
आईपीएल में हरभजन का सफर 
कुल मैच : 163, विकेट: 150 

Post a Comment

0 Comments