आप रक्तदान करके देखो
अच्छा लगता है- प्रतिभा
न्यूज़ स्ट्रोक
आगरा। वैचारिक जागरण मिशन ट्रस्ट के तत्वावधान में लोकहितम ब्लड बैंक कमला नगर में आयोजित रक्तदान शिविर में महिला और पुरुषों ने पूरे उत्साह से भाग लिया। बड़ी संख्या में महिलाओं ने पुरुषों के बराबर रक्तदान किया।
मुख्य अतिथि आगरा कॉलेज के पूर्व प्राचार्य विनोद माहेश्वरी ने गणपति की प्रतिमा के समक्ष दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। उन्होंने इस मौके पर कहा कि किसी भी शिविर में किया गया रक्तदान एक्सचेंज रक्तदान से ज्यादा महत्वपूर्ण है और एक गुप्त दान की तरह है। शिविर में रक्तदान करने वाले को यह पता नहीं होता कि उसके द्वारा किया जा रहा यह महादान किसको जीवन देगा या फिर वह किसके लिए रक्तदान कर रहा है।
ट्रस्ट के संरक्षक राम प्रकाश अग्रवाल ने रक्तदान के महत्व पर प्रकाश डालते हुये बताया कि रक्त दान न सिर्फ रक्त लेने वालों के लिये बल्कि रक्त दाता के स्वास्थ्य के लिए लाभदायक है। नियमित अंतराल पर रक्त देने से शरीर की पचास प्रतिशत बीमारियां दूर रहती हैं।
संस्था की संस्थापक अध्यक्ष प्रतिभा जिन्दल ने सभी रक्तदाताओं का आभार व्यक्त करते हुये बताया कि रक्तदान एक ऎसा दान है जिसे देने के बाद ही उसकी सन्तुष्टि का आन्नद लिया जा सकता है। इसीलिये उन्होंने स्वयं भी रक्तदान करते हुये कहा कि 'रक्तदान करके देखो अच्छा लगता है।' ट्रस्ट की महासचिव दीपिका अग्रवाल ने बताया कि ट्रस्ट प्रत्येक वर्ष रक्तदान शिविर का आयोजन करता है। रक्तदान में महिलाओं की बढ़ती भागीदारी को उन्होंने सराहा। उपाध्यक्ष अनीता मित्तल, खुशबू अग्रवाल ने सभी व्यवस्थायें संभाली। इस अवसर पर शुभम मित्तल, प्रमोद अग्रवाल, रोहित अग्रवाल, पूजा अग्रवाल आदि ने विशेष सहयोग किया।

0 Comments