-गुरुवार की रात बहराणा ज्योति को ले जाएंगे हरिद्वार
- बल्केश्वर मंदिर पर एकत्र होंगे सिंधी समाज के लोग
न्यूज़ स्ट्रोक
आगरा, 24 अगस्त । पिछले 40 दिनों से चल रहे सिंधी समाज का चालिहा पर्व बुधवार को समाप्त हो गया है। झूलेलाल मंदिर पर आयोजित किए गए फूल बंगला व भंडारे में बड़ी संख्या में लोग शामिल हुए। लोगों ने पूरे उत्साह और सौहार्द के साथ चालिहा पर्व मनाया।
बल्केश्वर स्थित झूलेलाल मंदिर पर चालिहा पर्व के अन्तिम दिन सुबह से ही पूजा अर्चना शुरु की गई। दिन भर चली पूजा अर्चना में सिंधी समाज की महिलाओं और पुरुषों ने भाग लिया। मंदिर परिसर में फूल बंगले का भी आयोजन किया गया। समाज की महिलाओं ने विशेष व्रत रहकर इस पूजा-अर्चना में भाग लिया।
सिंधी सेन्ट्रल पंचायत के अध्यक्ष चंद्र प्रकाश सोनी ने इस धार्मिक कार्यक्रम की शुरुआत दीप प्रज्जवलित कर की। मीडिया प्रभारी मेघराज दियालानी ने बताया कि यह पर्व सिंधी समाज के लिए बहुत ही महत्वपूर्ण है। अखंड भारत के सिंध प्रांत में मुसलमान शासक मिरख शासक ने सिंधी भाषी लोगों को मुसलमान बनाने के लिए बलात धर्म परिवर्तन का कुचक्र चलाया था। इस पर भगवान झूलेलाल ने राजा मिरख शाह को बिना किसी रक्त पात के धर्म परिवर्तन न कराने की सलाह दी और उनके उपदेशों से प्रभावित होकर के मिरख शाह भगवान झूलेलाल के शिष्य बन गए। इस प्रकार हिंदू सिंधियों पर होने वाले अत्याचारों का अंत हो गया।
वरुण अवतार भगवान झूलेलाल ने धर्मनिरपेक्षता और परस्पर मिलकर रहने का उपदेश किया। इसी वजह से 40 दिन की पूजा की जाती है, जिसे चालिहा कहते हैं। वहीं सिंधी सेंट्रल पंचायत के अध्यक्ष चंद्र प्रकाश सोनी ने बताया कि गुरुवार की रात बहराणा ज्योति को लेकर हरिद्वार के लिए प्रस्थान करेंगे। इस दौरान समाज के लगभग 250 लोग भी रवाना होंगे। हरिद्वार में सिंधी सेन्ट्रल पंचायत के पदाधिकारीगण जत्थे का स्वागत करेंगे।
इस दौरान सिंधी सेंट्रल पंचायत के अध्यक्ष चंद्र प्रकाश सोनी, घनश्यामदास देवनानी, परमानंद आतवानी, अशोक कोडवानी, मीडिया प्रभारी मेघराज दियालानी, राज कोठरी, किशोर बुधरानी, अमृत माखीजा, रोहित आयलानी, मोतीलाल भोजवानी, चेलाराम आसवानी, धनश्यामदास अशरा, भजनलाल माखीजा और लख्मीचंद चौइथवानी आदि मौजूद रहे।
ताजगंज स्थित मंदिर में भी हुए कई कार्यक्रम
वहीं ताजगंज स्थित झूलेलाल मन्दिर में पवित्र चालिहा महोत्सव पर सिंधी समाज के लोगों ने पूजा अर्चना कर छप्पन भोग का आयोजन भी किया गया। समापन के अवसर पर मन्दिर परिसर में भजन कीर्तन और आरती की गई। बच्चों ने सांस्कृतिक कार्यक्रमों में भाग लिया। पूजा अर्चना के बाद प्रसाद का वितरण किया गया। इस अवसर पर मुख्य अतिथि सिंधी सेंट्रल पंचायत के अध्यक्ष चंद्र प्रकाश सोनी, वरिष्ठ उपाध्यक्ष घनश्याम दास देवनानी, राज कोठारी, मीडिया प्रभारी मेघराज दियालानी, श्याम भोजवानी, सुशील नोतनानी, हरीश मोटवानी, शंकरलाल लालवानी, प्रदीप दीवान, हरीशंकर आडवानी और नरेश देवनानी किशोर बुधरानी, रोहित अयलानी आदि मौजूद रहे।


0 Comments